Thursday, May 14, 2026

Top 5 This Week

Related Posts

सुपौल सांसद ने लोकसभा में उठाई रेलवे संबंधित मांगें:दिलेश्वर कामैत बोले- कोसी इलाके को मिलेगी नई गति


सुपौल के सांसद कामैत ने लोकसभा में अपने संसदीय क्षेत्र के रेल विकास को लेकर जोरदार तरीके से मुद्दा उठाया। उन्होंने कहा कि सुपौल जिला बिहार का सीमावर्ती, अति पिछड़ा और नेपाल से सटा बाढ़ग्रस्त इलाका है, जहां बेहतर रेल संपर्क की अत्यंत आवश्यकता है। सांसद ने सदन के माध्यम से रेल मंत्री से कई महत्वपूर्ण मांगें रखते हुए कहा कि ललितग्राम से सरायगढ़, सुपौल, सहरसा और दानापुर होते हुए दिल्ली तक अमृत भारत एक्सप्रेस ट्रेन चलाई जाए। इसके अलावा ललितग्राम से दरभंगा के रास्ते नई दिल्ली तक एक मेल/एक्सप्रेस ट्रेन के संचालन की भी मांग की गई। उन्होंने गुवाहाटी से अररिया, फारबिसगंज और दरभंगा होते हुए दिल्ली के लिए नई ट्रेन शुरू करने पर जोर दिया, ताकि पूर्वोत्तर और कोसी क्षेत्र के बीच संपर्क मजबूत हो सके। शीघ्र शिलान्यास और निर्माण कार्य शुरू करने की अपील की कामैत ने यह भी मांग रखी कि डिब्रूगढ़ या गुवाहाटी से सरायगढ़, दरभंगा और सीतामढ़ी होते हुए दिल्ली तक राजधानी एक्सप्रेस या समान श्रेणी की सुपरफास्ट ट्रेन चलाई जाए। इसके अलावा उन्होंने पूर्व मध्य रेलवे के अंतर्गत सीतामढ़ी-जयनगर वाया निरौली तथा ललितग्राम-बीरपुर नई रेल लाइन परियोजनाओं का शीघ्र शिलान्यास और निर्माण कार्य शुरू करने की अपील की। सांसद ने डिब्रूगढ़-गोमती नगर अमृत भारत एक्सप्रेस के रूट में बदलाव करते हुए इसे गलगलिया, अररिया, फारबिसगंज, सरायगढ़ और दरभंगा के रास्ते चलाने का प्रस्ताव रखा। साथ ही ललितग्राम से सुपौल, सहरसा, खगड़िया, मुंगेर, किउल और जसीडीह होते हुए हावड़ा तक नई सुपरफास्ट ट्रेन चलाने की मांग की, जिससे कोसी क्षेत्र के लोगों को कोलकाता तक सीधी, तेज और सुविधाजनक यात्रा मिल सके। देवघर जैसे प्रमुख धार्मिक स्थलों तक यात्रा भी सुगम होगी उन्होंने कहा कि इससे व्यापारिक गतिविधियों को बढ़ावा मिलेगा और लोगों को रोजगार व व्यवसाय के लिए बड़े शहरों तक पहुंच आसान होगी। साथ ही देवघर जैसे प्रमुख धार्मिक स्थलों तक यात्रा भी सुगम होगी। इसके अतिरिक्त त्रिवेणीगंज रेलवे स्टेशन से रात में पटना या दानापुर के लिए मेल/एक्सप्रेस ट्रेन चलाने, सुपौल और थुमहा के बीच नया रेलवे स्टेशन या हॉल्ट बनाने तथा थरबिटिया स्टेशन पर पटना जाने वाली राजरानी ट्रेन को दो मिनट का ठहराव देने की भी मांग की गई। अंत में सांसद ने वर्ष 2026-27 के रेल बजट के तहत इन सभी मांगों पर गंभीरता से विचार कर जनहित में निर्णय लेने की अपील की। उन्होंने कहा कि इन परियोजनाओं के पूरा होने से सुपौल सहित पूरे कोसी क्षेत्र के विकास को नई गति मिलेगी।

Spread the love

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here

Popular Articles