![]()
पलामू के हरिहरगंज में एक निजी डेंटल क्लीनिक में मंगलवार को इलाज के दौरान एक महिला की मौत हो गई। मृतका की पहचान बिहार के औरंगाबाद जिले के कासिमपुर गांव निवासी मुकेश चंद्र भारती की 33 वर्षीय पत्नी विज्यांति देवी के रूप में हुई है। वह अपने पति के साथ डॉ. असरफ अली के जनता डेंटल क्लीनिक में दांत निकलवाने गई थीं। परिजनों का आरोप है कि क्लीनिक संचालक डॉ. असरफ अली द्वारा दांत निकालने के बाद महिला की हालत अचानक बिगड़ गई और मौके पर ही उसकी मौत हो गई। इस घटना के बाद परिजनों में हड़कंप मच गया। मृतका के पति ने डॉक्टर पर लापरवाही और गलत इलाज का आरोप लगाया है। घटना के बाद डॉक्टर क्लीनिक बंद कर फरार हो गया। परिजनों द्वारा महिला को तुरंत हरिहरगंज सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र ले जाया गया, जहां ड्यूटी पर मौजूद चिकित्सक सुनील कुमार ने उसे मृत घोषित कर दिया। मृतका के पति ने हरिहरगंज थाने में प्राथमिकी दर्ज कराई है। पुलिस मामले की जांच में जुट गई है और फरार डॉक्टर की तलाश कर रही है। इस घटना को लेकर क्षेत्र में आक्रोश है और लोग दोषी डॉक्टर के खिलाफ सख्त कार्रवाई की मांग कर रहे हैं। इस संबंध में सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र के चिकित्सा पदाधिकारी डॉ. गोपाल प्रसाद ने बताया कि महिला की मौत के बाद निजी क्लीनिक को सील करने का आदेश प्राप्त हुआ है।
पलामू में दांत निकलवाने के बाद महिला की मौत:डेंटल क्लीनिक सील, डॉक्टर फरार; पति ने हरिहरगंज थाने में प्राथमिकी कराई दर्ज
Date:




