Sunday, May 10, 2026

Top 5 This Week

Related Posts

भागाबांध ओपी में प्रिंस समेत 10 पर मामला दर्ज

भागाबांध ओपी में प्रिंस समेत 10 पर मामला दर्ज

रांची के एयरपोर्ट थाना क्षेत्र स्थित टिटॉस रेस्टोरेंट फायरिंग कांड की पड़ताल के दौरान सोमवार की अल सुबह हुए एनकाउंटर को लेकर रांची के एयरपोर्ट थाना प्रभारी इंस्पेक्टर पंकज कुमार शर्मा की लिखित शिकायत पर भागाबांध ओपी में प्राथमिकी दर्ज की गयी है.

अफजल ने उपलब्ध कराया था शूटर

रांची पुलिस को 14 मार्च की रात गुप्त सूचना मिली थी कि प्रिंस खान गिरोह का सक्रिय सदस्य कुबेर उर्फ मनीष सिंह उर्फ अमन सिंह (निवासी- लिदकी, थाना चैनपुर, जिला पलामू) लालपुर थाना क्षेत्र में छिपा है. सूचना के सत्यापन के बाद रात में ही अन्नपूर्णा चौक से उसे गिरफ्तार किया गया. पूछताछ में कुबेर ने खुलासा किया कि टिटॉस रेस्टोरेंट में फायरिंग प्रिंस खान, गोपी खान और सुजीत सिन्हा के निर्देश पर करायी गयी थी. इस घटना को अंजाम देने के लिए धनबाद के वासेपुर निवासी अफजल अमन उर्फ विराट कोहली उर्फ बाबर ने शूटरों की व्यवस्था की थी.

छापेमारी के दौरान पुलिस पर हमला, जवाबी कार्रवाई में अपराधी घायल

धनबाद और रांची पुलिस की संयुक्त टीम गठित कर सोमवार की अल सुबह बोर्रागढ़ और भागाबांध ओपी क्षेत्र में छापेमारी की गयी थी. इस दौरान अपराधियों ने पुलिस टीम पर ताबड़तोड़ 10-12 राउंड फायरिंग कर दी. जवाबी कार्रवाई में पुलिस ने आत्मरक्षा में छह राउंड फायरिंग की. इस दौरान अमन सिंह उर्फ कुबेर और विक्की डोम (पुटकी निवासी) घायल हो गये. घटनास्थल से पप्पू पासवान, सदाब कुरैशी उर्फ डॉक्टर, जावेद खान और कृष कुमार सिंह उर्फ आयुष सिंह जंगल का फायदा उठाकर फरार हो गए.

रंगदारी नहीं मिलने पर रची गयी थी फायरिंग की साजिश

पूछताछ में खुलासा हुआ कि टिटॉस रेस्टोरेंट से रंगदारी नहीं मिलने पर दहशत फैलाने के लिए फायरिंग की साजिश रची गयी थी. पहले एक मार्च को इस साजिश को अंजाम देना था, लेकिन होली के कारण रेस्टोरेंट बंद होने से योजना टल गयी. इसके बाद सात मार्च को दो बाइक पर सवार अपराधियों ने फायरिंग की घटना को अंजाम दिया. इस गिरोह के अन्य सहयोगियों में रांची के नगड़ा टोली निवासी राणा राहुल सिंह और नामकुम निवासी कौशल पांडेय शामिल हैं, जो मोबाइल नंबर जुटाने, शूटर उपलब्ध कराने और रंगदारी वसूली का काम करते थे.

10 अपराधियों पर संगीन धाराओं में केस दर्ज

पुलिस ने इस मामले में 10 अपराधियों को नामजद कर केस दर्ज किया है. इनमें वासेपुर कमर मकदुमी रोड निवासी प्रिंस खान व गोपी खान, श्रीराम पथ रेडमा डालटेनगंज (पलामू) निवासी सुजीत सिन्हा, पलामू के चैनपुर थाना क्षेत्र अंतर्गत लिदगी निवासी अमन सिंह उर्फ मनीष उर्फ कुबेर, करकेंद बाजार श्याम कुटीर पुटकी निवासी विक्की डोम, वासेपुर कमर मकदुमी रोड लालाटोला निवासी अफजल अमन उर्फ विराट कोहली उर्फ बाबर, झरिया थाना अंतर्गत भागा चार नंबर निवासी पप्पू पासवान उर्फ पप्पू भुईयां, नबी नगर वासेपुर निवासी सदाब कुरैशी उर्फ डॉक्टर, केंदुआडीह मछलीपट्टी केंदुआ निवासी जावेद खान, चौआचट्टान थाना हुसैनाबाद जिला पलामू निवासी कृष कुमार सिंह उर्फ आयुष सिंह शामिल हैं.

Spread the love

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here

Popular Articles