![]()
नगर निगम चुनाव संपन्न होने के बाद अब शहर की नई सरकार के गठन की सभी तैयारियां पूरी कर ली गई हैं। 19 मार्च को रांची नगर निगम की नई टीम आधिकारिक रूप से शपथ लेकर कार्यभार संभालेगी। तय कार्यक्रम के अनुसार, शपथ ग्रहण समारोह रांची समाहरणालय के ए ब्लॉक स्थित कमरा नंबर 207 में सुबह 10:30 बजे से शुरू होगा। सबसे पहले रांची की नवनिर्वाचित मेयर रौशनी खलखो पद और गोपनीयता की शपथ लेंगी। इसके बाद शहर के 53 वार्डों से निर्वाचित सभी पार्षद एक साथ शपथ ग्रहण करेंगे। शपथ ग्रहण के तुरंत बाद नगर निगम में डिप्टी मेयर के पद के लिए नामांकन प्रक्रिया शुरू की जाएगी। नामांकन के उपरांत पार्षदों के बीच मतदान कराया जाएगा, जिसके आधार पर डिप्टी मेयर का चयन किया जाएगा। डिप्टी मेयर के लिए लॉबिंग तेज, बड़े नेता मैदान में कूदे रांची नगर निगम में डिप्टी मेयर के पद को लेकर राजधानी में सियासी हलचल तेज हो गई है। बंद कमरे में गोपनीय बैठकों का सिलसिला भी जारी है, जहां समर्थन जुटाने की रणनीति बनाई जा रही है। कांग्रेस की ओर से वरिष्ठ नेता सुबोधकांत सहाय, पूर्व मंत्री बंधु तिर्की और महानगर अध्यक्ष कुमार राजा सक्रिय भूमिका में नजर आ रहे हैं। वहीं भाजपा की ओर से केंद्रीय रक्षा राज्य मंत्री संजय सेठ, विधायक सीपी सिंह, विधायक नवीन जायसवाल और महानगर अध्यक्ष वरुण साहू मोर्चा संभाले हुए हैं। झामुमो फिलहाल चुप्पी साधे हुए है और पर्दे के पीछे अपनी रणनीति पर काम कर रही है। किसने क्या कहा…
महानगर भाजपा अध्यक्ष : वरुण साहू ने बताया कि भाजपा बहुमत का आंकड़ा जुटाने के प्रयास में है। एक नाम पर सर्वसम्मति बनाने का प्रयास हो रहा है। 18 को भाजपा समर्थित प्रत्याशी का चेहरा सामने आ जाएगा।
महानगर कांग्रेस अध्यक्ष : कुमार राजा ने कहा कि इंडिया गठबंधन के पास पर्याप्त 37 का आंकड़ा है। इसलिए हमें कोई लांबिंगबाजी की जरूरत नहीं है। नामांकन के दिन ही हमारा डिप्टी मेयर का चेहरा सामने आएगा।
कल होगा डिप्टी मेयर का चुनाव, तैयारियां पूरी:पहले मेयर, उसके बाद वार्ड पार्षद एक साथ लेंगे शपथ
Date:




