![]()
राज्य में गुरुवार यानी आज मौसम का मिजाज पूरी तरह बदला रहेगा। बंगाल की खाड़ी से आ रही नमी और सक्रिय साइक्लोनिक सर्कुलेशन के कारण कई जिलों में तेज आंधी, वज्रपात और ओलावृष्टि की संभावना जताई गई है। मौसम विज्ञान केंद्र के अनुसार, पूरे राज्य में ऑरेंज अलर्ट जारी किया गया है। दोपहर बाद 60 से 70 किलोमीटर प्रतिघंटा की रफ्तार से धूल भरी आंधी चल सकती है। मौसम वैज्ञानिकों ने लोगों को सतर्क रहने और अनावश्यक बाहर नहीं निकलने की सलाह दी है। कई जगहों पर ओलावृष्टि की संभावना रांची, धनबाद, दुमका, देवघर, गिरिडीह, गोड्डा, जामताड़ा, पाकुड़, साहेबगंज, कोडरमा, बोकारो, चतरा, रामगढ़ और हजारीबाग में आंधी के साथ ओलावृष्टि और वज्रपात की आशंका अधिक है। वहीं खूंटी, पूर्वी व पश्चिमी सिंहभूम, सरायकेला-खरसावां, पलामू, गढ़वा, लातेहार, लोहरदगा, गुमला और सिमडेगा में 50 से 60 किमी प्रतिघंटा की रफ्तार से तेज हवा चलेगी। कई स्थानों पर मेघ गर्जन और बिजली गिरने की घटनाएं भी हो सकती हैं, जिससे जनजीवन प्रभावित होने की आशंका है। बारिश से मौसम सुहाना, तापमान में आई गिरावट पिछले 24 घंटे में राज्य के कई हिस्सों में अच्छी बारिश दर्ज की गई है। पश्चिमी सिंहभूम के मझगांव में सबसे अधिक 15 मिमी वर्षा हुई, जबकि रांची और गुमला में ओलावृष्टि भी देखी गई। लगातार बारिश और बादलों के कारण तापमान में गिरावट दर्ज की गई है। राजधानी रांची का अधिकतम तापमान 34.2 डिग्री और न्यूनतम 18.5 डिग्री सेल्सियस रहा। कोडरमा में न्यूनतम तापमान 14.1 डिग्री तक पहुंच गया, जिससे रात में ठंड का एहसास बढ़ गया है। 22 मार्च से मौसम साफ होने के आसार मौसम विभाग ने किसानों को विशेष सतर्कता बरतने की सलाह दी है। वज्रपात और ओलावृष्टि से फसलों को नुकसान हो सकता है, इसलिए खेतों में जाने से बचने को कहा गया है। तेज बारिश और बिजली गिरने की घटनाओं के चलते लोग घरों में ही सुरक्षित रहने को प्राथमिकता दे रहे हैं। हालांकि राहत की बात यह है कि 22 मार्च से मौसम के साफ और शुष्क होने की संभावना जताई गई है। इसके बाद तापमान में धीरे-धीरे बढ़ोतरी देखने को मिलेगी और मौसम सामान्य हो जाएगा।
झारखंड में आज बिगड़ा रहेगा मौसम:पूरे राज्य में आंधी, वज्रपात और ओलावृष्टि का ऑरेंज अलर्ट, 60-70 km/h रहेगी हवा की रफ्तार
Date:




