![]()
मुजफ्फरपुर के बेरिुआ पंचायत स्थित चोरनिया गांव में मंगलवार देर रात पुलिस और ग्रामीणों के बीच हुई हिंसक झड़प में एक व्यक्ति की मौत के बाद मामला तूल पकड़ता जा रहा है। मृतक जगवीर राय(55) के बेटे अविनाश कुमार के बयान पर तत्कालीन थानाध्यक्ष राजा सिंह के खिलाफ प्राथमिकी दर्ज कर ली गई है। मामले की पड़ताल के लिए भास्कर की टीम मृतक के गांव पहुंची। परिवार में मातम पसरा है। 95 साल के पिता का रो-रोकर बुरा हाल था। कुछ बोल पाने की स्थिति में नहीं हैं। बार-बार अपने बेटे को याद कर भावुक हो जा रहे हैं। परिवार के लोगों का कहना है कि जब तक आरोपियों की गिरफ्तारी नहीं होगी। तब तक अंतिम संस्कार नहीं करेंगे। घटना गायघाट थाना क्षेत्र की है। मुजफ्फरपुर से पटना तक आंदोलन की चेतावनी मामले ने अब राजनीतिक रूप ले लिया है। गुरुवार की सुबह पीड़ित परिवार से मिलने पूर्णिया के सांसद पप्पू यादव पहुंचे। उन्होंने आरोपी थानाध्यक्ष राजा सिंह के खिलाफ 302 का मामला दर्ज करने की मांग की है। पप्पू यादव ने कहा कि सोमवार को इस मामले को लोकसभा में उठाएंगे। हाईकोर्ट में पीआईएल दायर करेंगे। अगर जरूरत पड़ी तो मुजफ्फरपुर से पटना तक आंदोलन करेंगे। हर लड़ाई में परिवार के साथ हूं। पुलिस की गोली से हुई मौत भास्कर से बातचीत में मृतक के बेटे अविनाश कुमार ने कहा कि पुलिस छापेमारी के दौरान उनके पिता ने टीम को रोकने की कोशिश की, जिस पर थानाध्यक्ष ने सीधे उनके सीने में गोली मार दी। एक और गोली चलाई गई, जो भैंस को छूते हुए निकल गई। गोली लगने के बाद मौके पर ही पिता की मौत हो गई। जब तक आरोपी थानाध्यक्ष और छापेमारी टीम में शामिल अन्य पुलिसकर्मियों की गिरफ्तारी नहीं होती, तब तक परिवार अंतिम संस्कार नहीं करेगा। पोस्टमार्टम के बाद गांव लौटा परिवार, बढ़ा आक्रोश बुधवार को दिनभर गहमागहमी के बाद पुलिस ने शव को पोस्टमार्टम के लिए भेजा। पोस्टमार्टम के बाद शव गांव लाया गया, जहां ग्रामीणों में आक्रोश बना हुआ है। गांव में तनावपूर्ण स्थिति को देखते हुए पुलिस बल तैनात कर दिया गया है। पुलिस का पक्ष: आत्मरक्षा में हुई फायरिंग पुलिस का कहना है कि टीम पॉक्सो एक्ट के एक आरोपी को पकड़ने के लिए छापेमारी करने गई थी। आरोपी के नहीं मिलने पर जब पुलिस अन्य संदिग्ध को हिरासत में लेने लगी, तो ग्रामीणों ने हमला कर दिया। पुलिस के अनुसार, आत्मरक्षा में की गई फायरिंग के दौरान यह घटना हुई। किसकी गोली से मौत हुई, इसकी जांच जारी है। नए SHO ने कहा कि जांच की जा रही है गायघाट थाना में पदस्थापित नए थानाध्यक्ष राकेश कुमार ने बताया कि मृतक के परिजनों के आवेदन पर प्राथमिकी दर्ज कर ली गई है और मामले की जांच की जा रही है। राजनीतिक रंग, नेताओं का दौरा वहीं, पूर्व विधायक निरंजन राय और पारू विधायक शंकर यादव समेत अन्य नेताओं ने परिवार को न्याय दिलाने का आश्वासन दिया है। पीड़ित परिवार से मुलाकात कर ढांढस बंधाया। जानिए क्या है पूरा मामला? ग्रामीणों के अनुसार, पुलिस पॉक्सो एक्ट के आरोपी को पकड़ने गांव पहुंची थी। आरोपी के नहीं मिलने पर उसके परिजनों के घर में दबिश दी गई। इसी दौरान विरोध और झड़प के बीच फायरिंग हुई, जिसमें जगवीर राय की जान चली गई। फिलहाल पूरे मामले की जांच जारी है। गांव में भारी तनाव है और प्रशासन हालात पर नजर बनाए हुए हैं।
'थानेदार की गिरफ्तारी होने के बाद ही अंतिम संस्कार करेंगे':मृतक का बेटा बोला- पुलिस ने पापा के सीने में गोली मारी; पप्पू यादव बोले- लोकसभा में उठाएंगे मुद्दा
Date:




