
झारखंड में आने वाले प्रमुख त्योहारों को लेकर मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन ने हाईलेवल मीटिंग ली है। वीडियो कॉन्फ्रेंसिंग के जरिए सभी जिलों के अधिकारियों को सतर्कता बरतने और शांति बनाए रखने पर जोर दिया गया।
________________________________________
Hement Soren Meeting: ईद, सरहुल और रामनवमी जैसे प्रमुख त्योहार अगले कुछ दिन में आने वाले हैं। लिहाजा, झारखंड सरकार ने कानून-व्यवस्था को लेकर पूरी तैयारी शुरू कर दी है। मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन ने मुख्यमंत्री आवासीय कार्यालय से वीडियो कॉन्फ्रेंसिंग के माध्यम से राज्य के सभी जिलों के उपायुक्त (DC) और वरीय पुलिस अधीक्षक/पुलिस अधीक्षक (SSP/SP) के साथ उच्च स्तरीय बैठक की। इस बैठक में राज्य के वरिष्ठ प्रशासनिक और पुलिस अधिकारी भी मौजूद रहे।
मुख्यमंत्री ने स्पष्ट निर्देश दिए कि त्योहारों के दौरान शांति, सौहार्द और कानून-व्यवस्था बनाए रखना प्रशासन की सर्वोच्च प्राथमिकता होनी चाहिए। उन्होंने अधिकारियों से कहा कि सभी संवेदनशील क्षेत्रों की पहचान कर वहां विशेष सतर्कता बरती जाए और किसी भी प्रकार की अफवाह या असामाजिक गतिविधियों पर तुरंत कार्रवाई की जाए।
मुख्यमंत्री ने कहा कि झारखंड विविध संस्कृतियों और परंपराओं का राज्य है, जहां सभी समुदाय मिलजुलकर त्योहार मनाते हैं। ऐसे में प्रशासन की जिम्मेदारी है कि हर नागरिक को सुरक्षित वातावरण मिले और कोई भी असामाजिक तत्व माहौल बिगाड़ने में सफल न हो। बैठक में पुलिस प्रशासन को विशेष रूप से निर्देश दिया गया कि गश्त बढ़ाई जाए, भीड़भाड़ वाले इलाकों में अतिरिक्त बल की तैनाती की जाए और सोशल मीडिया पर निगरानी रखी जाए।
मुख्यमंत्री ने कहा कि सोशल मीडिया के जरिए फैलने वाली अफवाहें कई बार बड़ी घटनाओं का कारण बन जाती हैं, इसलिए इस पर विशेष ध्यान देने की आवश्यकता है।इसके अलावा, उन्होंने जिला प्रशासन को निर्देश दिया कि स्थानीय स्तर पर शांति समिति की बैठकें आयोजित की जाएं, जिसमें सभी समुदायों के प्रतिनिधियों को शामिल कर आपसी समन्वय बनाए रखा जाए। उन्होंने कहा कि संवाद और समन्वय से ही किसी भी संभावित विवाद को समय रहते रोका जा सकता है।




