![]()
भागलपुर में लंबी दूरी की ट्रेनों में यात्रियों को निशाना बनाने वाले एक शातिर गिरोह के 2 बदमाशों को पुलिस ने पकड़ा है। जीआरपी और आरपीएफ की संयुक्त टीम ने छापेमारी कर यह सफलता हासिल की। अभियान का नेतृत्व जीआरपी इंस्पेक्टर नसीम अहमद और आरपीएफ इंस्पेक्टर ए.के. गिरी ने किया। पुलिस के अनुसार, गिरोह जमालपुर-हावड़ा एक्सप्रेस समेत कई ट्रेनों में सफर करने वाले यात्रियों के कीमती सामान और जेवरात चोरी करता था। गिरफ्तार आरोपी संजय कुमार की निशानदेही पर पुलिस ने बबरगंज थाना क्षेत्र के महेशपुर स्थित उसके घर पर छापेमारी की। तलाशी के दौरान तीन झोलियों में छिपाकर रखे गए भारी मात्रा में सोने-चांदी के गहने बरामद किए गए। प्रारंभिक अनुमान के अनुसार, इनकी कीमत एक करोड़ रुपये से अधिक है। पुलिस अब इन गहनों के असली मालिकों की पहचान के लिए हाल के मामलों से मिलान कर रही है। विदेशी करेंसी से बढ़ी जांच की दिशा कार्रवाई के दौरान बरामद सामान में अमेरिकी डॉलर, मलेशियाई रिंगिट और ऑस्ट्रेलियाई मुद्रा भी मिली है। विदेशी करेंसी मिलने के बाद पुलिस को गिरोह के अंतरराष्ट्रीय नेटवर्क से जुड़े होने की आशंका है। यह भी जांच की जा रही है कि ये मुद्राएं किसी विदेशी यात्री से लूटी गई हैं या किसी बड़े गिरोह का हिस्सा हैं। दूसरा आरोपी नवगछिया के राघोपुर गांव का निवासी बताया गया है। दोनों आरोपियों को रिमांड पर लेकर पूछताछ की जा रही है। उनके पास से मिली डायरी और मोबाइल फोन के आधार पर गिरोह के अन्य सदस्यों की तलाश तेज कर दी गई है। आरपीएफ इंस्पेक्टर एक गिरी ने बताया कि भागलपुर-हावड़ा रेलखंड पर यात्रियों की सुरक्षा को लेकर भरोसा बढ़ा है। अधिकारियों का मानना है कि इस गिरोह के पकड़े जाने से लूट की घटनाओं में कमी आएगी। फिलहाल बरामद सामान को न्यायालय में प्रस्तुत करने की प्रक्रिया जारी है।
भागलपुर में एक करोड़ रुपए के सोना-चांदी बरामद:2 शातिर अरेस्ट, लंबा सफर तय करने वाले यात्री को बनाते थे निशाना
Date:




