![]()
भास्कर न्यूज | लातेहार लातेहार थाना क्षेत्र अंतर्गत किनामाड़ स्थित एक रेस्टोरेंट के पास से पुलिस ने ट्रक से भारी मात्रा में गांजा बरामद किया है। इसकी कीमत एक करोड़ रुपए है। गुप्त सूचना के आधार पर चलाए गए छापेमारी अभियान में यह सफलता मिली। जानकारी के अनुसार, यूपी 26टी 7820 नंबर का ट्रक रांची से पलामू की ओर जा रहा था। पुलिस को गुप्त सूचना मिली थी कि उक्त ट्रक के माध्यम से अवैध मादक पदार्थ की तस्करी की जा रही है। अंचल अधिकारी नंदकुमार राम तथा एसआई राहुल सिन्हा के नेतृत्व में टीम गठित कर मौके पर छापेमारी की गई। रेस्टोरेंट के पास खड़ी ट्रक की जब उसकी तलाशी ली गई, तो उसमें भूसे के अंदर बड़ी चालाकी से गांजा छिपाकर रखा गया था। प्रारंभिक जांच में पता चला है कि ट्रक में करीब 200 पेटियों में गांजा पैक किया गया था। प्रत्येक पेटी में लगभग 5 किलो गांजा रखा गया था, जिसके आधार पर कुल करीब 10 टन गांजा बरामद होने का अनुमान लगाया जा रहा है। बरामद गांजे की बाजार में अनुमानित कीमत लगभग 1 करोड़ रुपए बताई जा रही है, जिससे यह मामला बड़े अंतरराज्यीय तस्करी गिरोह से जुड़ा हो सकता है। हालांकि, पुलिस की इस कार्रवाई के दौरान अब तक किसी की गिरफ्तारी नहीं हो सकी है। तस्कर मौके से फरार होने में सफल रहे या पहले ही ट्रक को छोड़कर भाग निकले, इस पहलू की भी जांच की जा रही है। पुलिस यह भी पता लगाने में जुटी है कि गांजा कहां से लाया जा रहा था और इसे किस स्थान तक पहुंचाने की योजना थी। एसपी कुमार गौरव ने बताया कि पूरे मामले की गहन जांच की जा रही है।
भूसा लदे ट्रक से 1 करोड़ का गांजा बरामद, तस्कर फरार
Date:




