Saturday, May 9, 2026

Top 5 This Week

Related Posts

नालंदा में सीएम नीतीश कुमार की 'समृद्धि यात्रा':26 मार्च को 500 करोड़ की योजनाओं का उद्घाटन-शिलान्यास करेंगे; रिवर फ्रंट का निरीक्षण भी करेंगे


बिहार के सीएम नीतीश कुमार ‘समृद्धि यात्रा’ के तहत 26 मार्च को गृह जिला नालंदा आ रहे हैं। जिले को 500 करोड़ रुपए से अधिक की विकास योजनाओं की सौगात देंगे। सीएम के आगमन को लेकर जिला प्रशासन पूरी तरह से अलर्ट मोड में हैं और तैयारियों को अंतिम रूप देने में जुटा है। जारी शेड्यूल के मुताबिक मुख्यमंत्री 26 मार्च की सुबह करीब 10.30 बजे हेलीकॉप्टर से बिहारशरीफ पहुंचेंगे। नालंदा कॉलेज और सोगरा हाईस्कूल में विशेष हेलीपैड तैयार किए जा रहे हैं। हेलीपैड से उतरने के बाद मुख्यमंत्री सड़क मार्ग से पुराना रांची रोड पहुंचेंगे। जहां स्मार्ट सिटी परियोजना के तहत शहर के पहले भव्य फ्लाईओवर का उद्घाटन करेंगे। यह फ्लाईओवर एलआईसी भवन के पास से सोगरा कॉलेज मोड़ तक बनाया गया है, जिससे शहरवासियों को जाम से बड़ी राहत मिलने की उम्मीद है। योजनाओं का उद्घाटन और शिलान्यास करेंगे फ्लाईओवर के उद्घाटन के बाद मुख्यमंत्री कोसुक गांव के पास पंचाने नदी पर बन रहे रिवर फ्रंट का निरीक्षण करेंगे। विकास कार्यों की जमीनी हकीकत परखने के बाद सीधे कोसुक स्टेडियम पहुंचेंगे। स्टेडियम में जनसभा का आयोजन किया गया है, जिसके लिए जर्मन हैंगर तकनीक से उच्च कोटि का भव्य पंडाल तैयार किया जा रहा है। इसी मंच से मुख्यमंत्री जिले की सैकड़ों नई योजनाओं का डिजिटल माध्यम से उद्घाटन और शिलान्यास करेंगे। सभा के तुरंत बाद मुख्यमंत्री स्टेडियम परिसर में ही बनाए जा रहे विशाल सभागार में अधिकारियों के साथ जिले के विकास कार्यों की उच्चस्तरीय समीक्षा बैठक करेंगे। इस बैठक में सात निश्चय योजना और स्मार्ट सिटी के कार्यों पर विशेष चर्चा होने की संभावना है। जिले में सीएम के आगमन को लेकर आम जनमानस में भारी उत्साह देखा जा रहा है। शहर की सड़कों का रंग-रोगन किया जा रहा है और स्वागत के लिए सैकड़ों तोरण द्वार बनाए जा रहे हैं। कृषि अनुसंधान सह प्रशिक्षण केंद्र की आधारशिला रखेंगे प्रशासनिक सूत्रों के अनुसार, इस यात्रा के दौरान सीएम कैला पंचायत सरकार भवन, स्मार्ट सिटी के तहत बने आधुनिक विद्यालय भवनों, महादलित विकास मिशन के सामुदायिक भवनों और जीविका भवनों का लोकार्पण करेंगे। साथ ही, सरमेरा में बनने वाले कृषि अनुसंधान सह प्रशिक्षण केंद्र की आधारशिला भी रखी जाएगी। समीक्षा बैठक के बाद मुख्यमंत्री पुलिस लाइन स्थित हेलीपैड से पटना के लिए रवाना हो जाएंगे।

Spread the love

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here

Popular Articles