
Giridih Municipal Election, गिरिडीह, (राकेश सिन्हा) : झारखंड नगर निगम चुनाव की सरगर्मी तेज होने के साथ ही भारतीय जनता पार्टी में अंदरूनी कलह थमने का नाम नहीं ले रहा है. दो दिन पूर्व भाजपा समर्थित मेयर प्रत्याशी डॉ. शैलेन्द्र चौधरी को समर्थन देने की घोषणा करने वाले भाजपा नेता सह मेयर प्रत्याशी नागेश्वर दास ने पार्टी से इस्तीफा दे दिया है. उन्होंने भाजपा नेतृत्व पर गंभीर आरोप लगाते हुए कहा कि उन पर दबाव बनाकर जबरन समर्थन की घोषणा करायी गयी थी. नागेश्वर दास ने स्पष्ट किया कि भाजपा के रवैये से नाराज होकर उन्होंने फिलहाल पार्टी से इस्तीफा दिया है और वह अब भी चुनावी मैदान में बने हुए हैं. उनके इस्तीफे से जिले में राजनीति हलचल तेज हो गयी है.
भाजपा अपनी मूल विचारधारा से भटक गयी : नागेश्वर दास
गुरुवार को प्रेस वार्ता को संबोधित करते हुए नागेश्वर दास ने कहा कि वह भारतीय जनता पार्टी के जिला कार्य समिति सदस्य पद और पार्टी से इस्तीफा सौंप रहे हैं. उन्होंने कहा कि झारखंड भाजपा के नेता अपनी मूल विचारधारा से भटक गये हैं. नागेश्वर दास ने कहा कि भाजपा का विचार श्यामा प्रसाद मुखर्जी और पंडित दीनदयाल उपाध्याय के सिद्धांतों पर आधारित था, जिसका उद्देश्य अंतिम पायदान पर खड़े व्यक्ति को आगे लाना था, लेकिन वर्तमान नेतृत्व जमीनी कार्यकर्ताओं का सही आकलन नहीं कर पा रहा है.
स्थानीय नेताओं की राय को किया गया नजरअंदाज : नागेश्वर दास
नागेश्वर दास ने आरोप लगाया कि पूर्व विधायक निर्भय शाहबादी, पूर्व नगर निगम चेयरमैन दिनेश यादव, सुरेश साहू और महिला नेत्री विनीता कुमारी सहित कई स्थानीय नेताओं ने मेयर पद के लिए उनका नाम पहले नंबर पर रखा था. इसके बावजूद झारखंड नेतृत्व, विशेषकर बाबूलाल मरांडी द्वारा अपने स्तर से डॉ. शैलेंद्र प्रसाद चौधरी को समर्थन दिये जाने से पार्टी में भारी असंतोष फैल गया. उन्होंने कहा कि इस बार निर्भय शाहबादी जैसे वरिष्ठ नेताओं की बात भी नहीं सुनी गयी.
Also Read: जमशेदपुर कैरव अपहरण कांड में उद्यमी संदीप मल्होत्रा पुलिस की रडार पर, कार नंबर ‘1231’ बनी अबूझ पहेली
परिवार के साथ पार्टी के लिए की मेहनत, फिर भी उपेक्षा : नागेश्वर दास
नागेश्वर दास ने भावुक होते हुए कहा कि उन्होंने अपने पूरे परिवार के साथ पार्टी के हर कार्यक्रम में मेहनत की. चाहे रांची का कार्यक्रम हो या स्थानीय आयोजन, उन्होंने भीड़ जुटाने का काम किया, लेकिन आज उन्हें उपेक्षित महसूस हो रहा है.
दबाव में कराया गया समर्थन का ऐलान
फेसबुक पोस्ट को लेकर पूछे गये सवाल पर डॉ. नागेश्वर दास ने कहा कि पार्टी के भारी दबाव के कारण उन्हें समर्थन की बात कहनी पड़ी. उन्होंने कहा कि एक दलित और जमीनी कार्यकर्ता होने के नाते वह दबाव में आ गये थे और उन्हें अंदाजा नहीं था कि पार्टी का दबाव इतना अधिक होगा.
क्या भाजपा का टिकट बिका है?
टिकट बिकने के सवाल पर नागेश्वर दास ने साफ कहा कि भाजपा का टिकट बिका है और यह काम झारखंड स्तर के आलाकमान द्वारा किया गया होगा. उन्होंने कहा कि गिरिडीह की जनता खुद कह रही है कि पैसे वाले को टिकट मिला है. हालांकि उन्होंने यह भी स्पष्ट किया कि वह फिलहाल मेयर का चुनाव नहीं लड़ेंगे.
पहले भी हो चुके हैं इस्तीफे
गौरतलब है कि इससे पहले धनबाद में भाजपा के मेयर प्रत्याशी शेखर अग्रवाल और शालिनी गुप्ता भी पार्टी की सदस्यता से इस्तीफा दे चुके हैं. दोनों नेताओं ने झामुमो का दामन थाम लिया था. लगातार हो रहे इस्तीफों से भाजपा की मुश्किलें नगर निगम चुनाव में बढ़ती नजर आ रही हैं.
Also Read: झारखंड में NHM के 298 पदों पर बहाली प्रक्रिया रद्द, विज्ञापन दोबारा होगा जारी
The post झारखंड BJP में बगावत: अब इस नेता ने दिया संगठन से इस्तीफा, कहा- पार्टी ने बेच दिया टिकट appeared first on Prabhat Khabar.




