![]()
कोडरमा जिले के चंदवारा थाना क्षेत्र में एक अवैध मिनी शराब फैक्ट्री का भंडाफोड़ हुआ है। चंदवारा पश्चिमी पंचायत के मोहगांव स्थित भुइयां टोला में एक मुर्गी फार्म के बगल के मकान में यह फैक्ट्री संचालित हो रही थी। चंदवारा पुलिस ने इस कार्रवाई को अंजाम दिया। यह मकान चंदवारा निवासी पीयूष पांडेय का बताया जा रहा है। पुलिस ने मौके से भारी मात्रा में नकली शराब, शराब बनाने में प्रयुक्त होने वाले केमिकल, खाली बोतलें, ढक्कन और झारखंड सरकार के उत्पाद विभाग के स्टीकर बरामद किए हैं। कोडरमा एसपी अनुदीप सिंह को मोहगांव क्षेत्र में नकली शराब फैक्ट्री चलने की गुप्त सूचना मिली थी। इसके बाद चंदवारा थाना प्रभारी शशि भूषण कुमार के नेतृत्व में एक विशेष टीम का गठन किया गया, जिसमें तकनीकी शाखा के जवान भी शामिल थे। पुलिस शराब की बोतलें और उपकरण लेकर थाने पहुंची बुधवार दोपहर करीब दो बजे टीम ने मोहगांव गांव के भुइयां टोला स्थित मकान पर छापा मारा। छापेमारी के दौरान एक पुराने मकान में चल रही मिनी शराब फैक्ट्री का पर्दाफाश हुआ। पुलिस ने मौके से भारी मात्रा में अंग्रेजी शराब और उसे बनाने में इस्तेमाल होने वाले उपकरण बरामद किए। पुलिस ने मौके से दो लोगों को हिरासत में लिया है, जिनसे पूछताछ की जा रही है। छापेमारी के बाद चंदवारा पुलिस बरामद की गई सभी शराब की बोतलें और उपकरण लेकर थाने पहुंची। पुलिस फिलहाल इस मामले में अधिक जानकारी देने से बच रही है। बताया गया है कि इस मिनी फैक्ट्री में आठ अलग-अलग ब्रांड की अंग्रेजी शराब तैयार की जाती थी। पुलिस अब इस मामले के मुख्य सरगना की तलाश कर रही है। पुलिस सूत्रों के अनुसार, इस मिनी शराब फैक्ट्री को संचालित करने वाला मुख्य सरगना जल्द ही पुलिस की गिरफ्त में होगा। दो साल पूर्व भी मिनी शराब फैक्ट्री का हुआ था खुलासा
बताते चलें कि चंदवारा पुलिस द्वारा दो वर्ष पूर्व 12 मार्च 2024 को भी थाना क्षेत्र के चिलोडीह में एक मिनी शराब फैक्ट्री का खुलासा किया गया था। उक्त शराब फैक्ट्री जोबा महतो के मकान में संचालित हो रहा था। इसमें भारी मात्रा में नकली शराब व उसे बनाने के लिए उपयोग होने वाले उपकरणों को भी बरामद किया था। इस मामले में जोबा महतो व उनके सहयोगी को पुलिस ने गिरफ्तार कर जेल भेज दिया था। वहीं, इस मामले में लिप्त जोबा महतो के पुत्र संतोष महतो पुलिस की गिरफ्त में नहीं आ सका था।
कोडरमा में अवैध मिनी शराब फैक्ट्री का भंडाफोड़:भारी मात्रा में नकली शराब, उपकरण बरामद; दो लोग हिरासत में
Date:




