Dhanbad News:धनबाद में पर्यटन से जुड़ेंगे 20 नये स्थल, अब कुल होंगे 24

Date:

Dhanbad News:धनबाद में पर्यटन से जुड़ेंगे 20 नये स्थल, अब कुल होंगे 24

राज्य में पर्यटन को बढ़ावा देने की दिशा में एक बड़ी पहल के तहत धनबाद जिले में 20 नये पर्यटन स्थलों को शामिल करने की तैयारी पूरी कर ली गयी है. राज्य स्तर पर स्वीकृति मिल चुकी है और अब सिर्फ आधिकारिक अधिसूचना जारी होना बाकी है. अधिसूचना जारी होते ही जिले में पर्यटन स्थलों की कुल संख्या बढ़कर 24 हो जायेगी. इससे प्राकृतिक, धार्मिक और सांस्कृतिक स्थलों के विकास को बढ़ावा मिलेगा. बताते चलें कि पिछले वर्ष 21 नये पर्यटन स्थलों की सूची डीटीपीसी की बैठक में पास कर राज्य सरकार को भेजी गयी थी. रांची में बीते दिनों हुई एसटीपीसी की बैठक में 21 में से 20 स्थलों को मंजूरी दे दिया गया. सभी 20 स्थलों को ग्रेड डी में शामिल किया जायेगा. धनबाद जिले में वर्तमान में चार पर्यटन स्थल अधिसूचित हैं. इनमें मैथन, पंचेत डैम, तोपचांची झील व भटिंडा शामिल हैं. मैथन डैम ग्रेड-ए, पंचेत डैम ग्रेड सी, तोपचांची झील ग्रेड सी और भटिंडा को ग्रेड डी में रखा गया है.

धनबाद, लातेहार व पाकुड़ में एक साल में 11 लाख पर्यटक घूमने आये

धनबाद, लातेहार व पाकुड़ जिले में 2024-25 में कुल 11,00,343 पर्यटक घूमने आये थे. इनमें 11,00,230 घरेलू व 113 विदेशी पर्यटक थे. धनबाद में सबसे अधिक 5,87,527 पर्यटक आये. इनमें 5.87 लाख घरेलू व 61 विदेशी शामिल थे. वहीं, लातेहार में 3,06,875 में से 306837 घरेलू व 38 विदेशी और पाकुड़ में 205941 पर्यटकों में से 205927 घरेलू व 14 विदेशी पर्यटक शामिल थे.

लातेहार व पाकुड़ में भी जुड़ेंगे नये पर्यटन स्थल

एसटीबीसी की बैठक में धनबाद के साथ-साथ लातेहार में तीन व पाकुड़ जिले में दो पर्यटन स्थलों को शामिल करने की मंजूरी दी गयी है. दोनों जगह जिले की वेबसाइट के अनुसार वर्तमान में पाकुड़ में आठ व लातेहार में 14 अधिसूचित पर्यटन स्थल हैं. राज्य सरकार की ओर से अधिसूचना जारी होने के बाद पाकुड़ में 10 व लातेहार में 17 पर्यटन स्थल हो जायेंगे.

विकास के लिए राज्य सरकार देगी बजट

अधिसूचना जारी होने के बाद पर्यटन स्थलों के विकास के लिए अलग से बजट आवंटित किया जायेगा. इससे बुनियादी सुविधाओं जैसे सड़क, बिजली, पानी, शौचालय और सौंदर्यीकरण कार्यों को गति मिलेगी. सरकारी फंड मिलने से योजनाओं का क्रियान्वयन तेज होगा और पर्यटन स्थलों को व्यवस्थित रूप से विकसित कर उन्हें आकर्षक बनाया जा सकेगा.

क्या होगा फायदा

पर्यटन स्थलों की संख्या बढ़ाने का उद्देश्य क्षेत्र में विकास को गति देना और स्थानीय लोगों के लिए रोजगार के अवसर पैदा करना है. अब तक सीमित स्थानों के कारण संभावनाएं पूरी तरह नहीं उभर पा रही थीं. नये स्थलों को जोड़कर सरकार क्षेत्रीय संस्कृति, प्राकृतिक धरोहर और धार्मिक आस्था को बढ़ावा देना चाहती है, ताकि पर्यटकों की संख्या बढ़े और समग्र आर्थिक गतिविधियां मजबूत हों.

मैथन डैम घूमने आये 61 विदेशी पर्यटक

पर्यटन स्थलों को चार श्रेणियों में बांटा जाता है. श्रेणी ए में उन पर्यटन स्थलों को रखा जाता है, जहां विदेशी पर्यटक भी घूमने आते हैं. इसमें धनबाद का एकमात्र पर्यटन स्थल मैथन डैम शामिल है. सरकारी आंकड़ों के अनुसार, 2024-2025 में कुल 61 विदेशी पर्यटक धनबाद आये थे. कुल आंकड़ों की बात करें, तो धनबाद में 24-25 में कुल 5,87,527 पर्यटक घूमने पहुंचे थे.

तीन पर्यटक स्थल होंगे अपग्रेड

डीटीपीसी की बैठक में तीन स्थलों की श्रेणी को अपग्रेड करने का अनुरोध किया गया था. इसे भी एसटीपीसी की बैठक में मंजूरी दे दी गयी है. अधिसूचना जारी होने के बाद सभी के ग्रेड को अपग्रेड कर दिया जायेगा. पंचेत डैम व तोपचांची झील सी से बी व भटिंडा डी से सी में अपग्रेड होंगे.

The post Dhanbad News:धनबाद में पर्यटन से जुड़ेंगे 20 नये स्थल, अब कुल होंगे 24 appeared first on Prabhat Khabar.

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here

Share post:

Subscribe

spot_imgspot_img

Popular

More like this
Related

Join Us WhatsApp