![]()
रामनवमी के अवसर पर झारखंड के विभिन्न जिलों में निकाले गए जुलूस के दौरान कई जगह हिंसा और हादसों की घटनाएं सामने आई हैं। अलग-अलग जिलों में हुई इन घटनाओं ने प्रशासन की चिंता बढ़ा दी है। हजारीबाग में जहां एक व्यक्ति की हत्या कर दी गई। वहीं धनबाद में पथराव के बाद पुलिस को हवाई फायरिंग करनी पड़ी। कोडरमा और बोकारो में भी हादसों में कई लोग घायल हुए हैं। घटनाओं के बाद संबंधित इलाकों में तनाव का माहौल है। पुलिस-प्रशासन अलर्ट मोड में है। हजारीबाग में हिंसक झड़प, एक की मौत हजारीबाग जिले के कटकमसांडी प्रखंड के गदोखर गांव में रामनवमी जुलूस के दौरान दो पक्षों के बीच विवाद ने हिंसक रूप ले लिया। इस दौरान गदोखर पंचायत के मुखिया के भाई राम कुमार साव उर्फ रामा साव (40) पर भुजाली से हमला किया गया। गंभीर रूप से घायल होने के बाद उन्हें शेख भिखारी मेडिकल कॉलेज अस्पताल ले जाया गया। जहां डॉक्टरों ने मृत घोषित कर दिया। घटना के बाद गांव में शोक और तनाव का माहौल है। प्रशासनिक अधिकारियों ने मौके पर पहुंचकर स्थिति का जायजा लिया और दोषियों की जल्द गिरफ्तारी का भरोसा दिया। इलाके में अतिरिक्त पुलिस बल तैनात कर दिया गया है। धनबाद में पथराव, पुलिस को करनी पड़ी फायरिंग धनबाद के बलियापुर थाना क्षेत्र के भिखराजपुर में रामनवमी जुलूस के दौरान अचानक पथराव शुरू हो गया। असामाजिक तत्वों की इस हरकत से मौके पर अफरा-तफरी मच गई और जुलूस में शामिल लोग इधर-उधर भागने लगे। स्थिति को काबू में करने के लिए पुलिस को हवाई फायरिंग करनी पड़ी, जिसके बाद भीड़ तितर-बितर हुई। घटना के बाद पूरे इलाके को पुलिस छावनी में तब्दील कर दिया गया है। वरिष्ठ अधिकारी मौके पर कैंप करते रहे। आज भी हालात पर लगातार नजर रखी जा रही है। कोडरमा में तलवार से हमला, युवक गंभीर कोडरमा के झुमरीतिलैया में शोभायात्रा के दौरान करतब दिखा रहे युवकों के बीच अचानक हिंसा भड़क उठी। इस दौरान वीर कुमार (20) नामक युवक पर तलवार से हमला कर दिया गया। वह अपने मित्र के साथ जुलूस देख रहा था, तभी उस पर वार किया गया। गंभीर हालत में पहले उसे निजी अस्पताल ले जाया गया, फिर बेहतर इलाज के लिए रांची के रिम्स रेफर किया गया। पुलिस ने मामला दर्ज कर हमलावरों की तलाश शुरू कर दी है। बोकारो में करंट से झुलसे युवक, सभी सुरक्षित बोकारो के पेटरवार थाना क्षेत्र की खेतको पंचायत में जुलूस के दौरान बड़ा हादसा हो गया। यहां कई युवक हाई वोल्टेज बिजली तार की चपेट में आकर घायल हो गए। घायलों को जारंगडीह के जनता अस्पताल में भर्ती कराया गया, जहां डॉक्टरों ने सभी की स्थिति स्थिर बताई है। घायलों में अनिल रविदास, मिथुन ठाकुर और सुरेंद्र सिंह समेत अन्य शामिल हैं। प्रशासनिक अधिकारियों ने अस्पताल पहुंचकर घायलों का हाल जाना और घटना की जांच के निर्देश दिए हैं।


