Top 5 This Week

Related Posts

हजारीबाग में अंतरराज्यीय वाहन चोर गिरोह के 6 सदस्य गिरफ्तार:फर्जी नंबर प्लेट लगी स्कॉर्पियो बरामद, आरोपी शराब माफियाओं को उपलब्ध कराते थे गाड़ी


हजारीबाग पुलिस ने अंतरराज्यीय वाहन चोर गिरोह के छह सदस्यों को गिरफ्तार किया है। इस कार्रवाई में एक सफेद स्कॉर्पियो गाड़ी और पांच मोबाइल फोन बरामद किए गए। बरामद स्कॉर्पियो पर फर्जी रजिस्ट्रेशन नंबर अंकित था। यह कार्रवाई वाहन चोरी की बढ़ती घटनाओं पर अंकुश लगाने के लिए चलाए जा रहे एंटी-क्राइम चेकिंग अभियान के तहत की गई। यह घटना 12 फरवरी की है। लोहसिंघना थाना प्रभारी को सूचना मिली थी कि बिहार नंबर प्लेट लगी एक सफेद स्कॉर्पियो ने इंद्रपुरी चौक पर पुलिस गश्ती वाहन को देखकर बैरियर को धक्का मारा और तेज रफ्तार से पेलावल की ओर भाग निकली। सूचना मिलते ही पेलावल ओ.पी. थाना की पेट्रोलिंग टीम को अलर्ट किया गया। एसडीपीओ अमित आनंद के नेतृत्व में एक विशेष जांच टीम (एसआईटी) का गठन किया गया। पुलिस टीम ने त्वरित कार्रवाई करते हुए गदोखर मोड़ के पास बैरियर लगाकर संदिग्ध स्कॉर्पियो को रोका। वाहन की तलाशी में उसमें छह लोग सवार मिले। पूछताछ के दौरान, सभी ने संगठित वाहन चोर गिरोह का सदस्य होने की बात स्वीकार की। आरोपियों ने बताया कि वे चोरी के चारपहिया वाहनों को बिहार के शराब माफियाओं को अवैध तस्करी के लिए उपलब्ध कराते थे। गिरफ्तार किए गए अभियुक्तों में चालक असरफ अली उर्फ यशरब अली उर्फ पप्पू खान उर्फ गुरुजी, विवेक कुमार, विकास कुमार, जितेंद्र कुमार मेहता, मोहम्मद जोनी और शेखराज शामिल हैं। इनमें से अधिकांश आरोपी बिहार के निवासी हैं, जबकि एक हजारीबाग और एक पलामू जिले का रहने वाला है। इस संबंध में कटकमसांडी (पेलावल ओ.पी.) थाना में कांड संख्या 27/26 दर्ज किया गया है। सभी आरोपियों को न्यायिक हिरासत में भेजा जा रहा है। एडिशनल एसपी अमित कुमार ने एक प्रेस वार्ता में मामले की जानकारी दी। पुलिस अन्य संभावित संलिप्त लोगों की तलाश कर रही है। एडिशनल एसपी अमित कुमार ने बताया कि इस गिरोह की गिरफ्तारी से वाहन चोरी के मामलों में कमी आने और उन पर अंकुश लगाने में मदद मिलेगी।

Spread the love

Popular Articles