Top 5 This Week

Related Posts

झारखंड में चार दिन बदलेगा मौसम:बारिश, तेज हवा और वज्रपात का अलर्ट, 6 से 9 अप्रैल तक कई जिलों में असर


झारखंड में अगले चार दिनों तक मौसम का मिजाज बदला रहेगा। रांची मौसम केंद्र के ताजा पूर्वानुमान के अनुसार 6 से 9 अप्रैल के बीच राज्य के मध्य, दक्षिणी और उत्तर-पूर्वी हिस्सों में आंशिक बादल छाये रहेंगे। इस दौरान कई जगहों पर गरज के साथ हल्की से मध्यम बारिश होने की संभावना है। राजधानी रांची समेत आसपास के इलाकों में भी बादल छाये रहने और बीच-बीच में बारिश के आसार जताए गए हैं। मौसम विभाग ने लोगों को सतर्क रहने की सलाह दी है, खासकर खुले स्थानों पर वज्रपात के दौरान सावधानी बरतने को कहा गया है। 50-60 किमी की रफ्तार से चलेगी हवा मौसम विभाग ने 6 अप्रैल को राज्य के मध्य और उत्तर-पूर्वी हिस्सों में कहीं-कहीं ओलावृष्टि की चेतावनी जारी की है। वहीं 7 और 8 अप्रैल को दक्षिण-पूर्वी और मध्य झारखंड में ओले गिरने की संभावना है। इस दौरान हवा की गति 50 से 60 किलोमीटर प्रति घंटे तक पहुंच सकती है। जिससे जनजीवन प्रभावित होने की आशंका है। तेज हवाओं के कारण पेड़ गिरने और बिजली आपूर्ति बाधित होने जैसी स्थितियां भी बन सकती हैं। ऐसे में लोगों को अनावश्यक बाहर निकलने से बचने की सलाह दी गई है। 4 डिग्री तक कम होगा पारा बारिश और बादल छाये रहने के कारण अगले दो दिनों में अधिकतम तापमान में 3 से 4 डिग्री सेल्सियस तक गिरावट आ सकती है। इससे लोगों को गर्मी से कुछ राहत मिलेगी। रांची में न्यूनतम तापमान 17 से 19 डिग्री सेल्सियस के बीच रहने का अनुमान है। जबकि अधिकतम तापमान 30 से 31 डिग्री सेल्सियस तक रहेगा। पिछले दिनों हुई बारिश के कारण राजधानी का मौसम अपेक्षाकृत नरम बना हुआ है और लोगों को तपती गर्मी से राहत महसूस हो रही है। डालटनगंज सबसे गर्म, कई जिलों में हल्की बारिश रविवार को राज्य का सबसे गर्म स्थान डालटनगंज रहा, जहां अधिकतम तापमान 37.2 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया। इसके बाद बोकारो में 36.1 और देवघर में 35.9 डिग्री सेल्सियस तापमान रिकॉर्ड किया गया। वहीं रांची में अधिकतम तापमान 32.7 डिग्री सेल्सियस रहा, जो सामान्य से 1.6 डिग्री कम है। दूसरी ओर, रामगढ़ में सबसे अधिक 5 मिमी बारिश दर्ज की गई। जमशेदपुर, खूंटी, लातेहार और सरायकेला में भी हल्की बूंदाबांदी हुई। मौसम विभाग के अनुसार 10 अप्रैल के बाद मौसम साफ होने लगेगा और तापमान में फिर बढ़ोतरी होने की संभावना है।

Spread the love

Popular Articles