![]()
बेतिया में कानून-व्यवस्था बनाए रखने के लिए पुलिस अधीक्षक डॉ. शौर्य सुनम के निर्देश पर बीते 24 घंटे में एक विशेष अभियान चलाया गया। इस अभियान के तहत पुलिस ने सघन छापेमारी कर कुल 28 अभियुक्तों को गिरफ्तार किया। सभी गिरफ्तार आरोपियों को न्यायिक हिरासत में जेल भेज दिया गया है। गिरफ्तार किए गए अभियुक्तों में से 17 को उत्पाद अधिनियम के तहत पकड़ा गया है, जो अवैध शराब के कारोबार में संलिप्त पाए गए। अभियान के दौरान पुलिस ने 1063 लीटर 640 मिलीलीटर अवैध शराब जब्त की। 4 लैपटॉप, 4 टैबलेट और 19 मोबाइल बरामद इसके अतिरिक्त, 2 मवेशी, 4 लैपटॉप, 4 टैबलेट और 19 मोबाइल फोन भी बरामद किए गए, जिनके विभिन्न आपराधिक गतिविधियों से जुड़े होने की आशंका है। पुलिस ने वारंट के आधार पर भी कार्रवाई करते हुए 4 अभियुक्तों को गिरफ्तार किया और 9 गैर-जमानती वारंटों का निष्पादन किया। वाहन जांच अभियान के तहत नियमों का उल्लंघन करने वाले चालकों के विरुद्ध सख्ती बरती गई, जिसमें कुल 1 लाख 47 हजार रुपये का जुर्माना वसूला गया तथा एक मोटरसाइकिल जब्त की गई। पुलिस प्रशासन ने स्पष्ट किया है कि जिले में शांति एवं कानून-व्यवस्था बनाए रखने के लिए इस प्रकार की कार्रवाई लगातार जारी रहेगी। अधिकारियों ने आमजन से अपील की है कि वे कानून का पालन करें और किसी भी संदिग्ध गतिविधि की सूचना तुरंत पुलिस को दें, ताकि समय रहते उचित कार्रवाई सुनिश्चित की जा सके।

