Tuesday, April 21, 2026

Top 5 This Week

Related Posts

सदर अस्पताल में ब्लड बैंक खाली, मरीजों को नहीं मिल रहा रक्त

सदर अस्पताल में ब्लड बैंक खाली, मरीजों को नहीं मिल रहा रक्त

गुमला. चाइबासा में एचआइवी पॉजिटिव रक्त चढ़ाने के मामले के बाद मचे बवाल और ब्लड बैंक सील होने का असर अब गुमला के सरकारी अस्पताल पर साफ दिखने लगा है. नियमों की सख्ती और रक्त आपूर्ति बाधित होने के कारण गुमला सदर अस्पताल में खून की किल्लत हो गयी है. हालात इतने खराब हैं कि ब्लड बैंक में अक्सर ताला लटका रहता है और कई बार एक भी यूनिट रक्त उपलब्ध नहीं होता. अस्पताल परिसर में लगे डिस्प्ले बोर्ड पर शून्य या एक यूनिट की उपलब्धता मरीजों के परिजनों के लिए डरावनी स्थिति पैदा कर रही है. इधर, घाघरा निवासी विशेश्वर सिंह, जो पिछले शुक्रवार से अस्पताल में भर्ती हैं. उन्होंने बताया कि उन्हें तीन यूनिट रक्त की जरूरत है. एक यूनिट चढ़ाया जा चुका है, जबकि डोनर मौजूद होने के बावजूद अस्पताल से रक्त नहीं मिल पा रहा है. उन्होंने कहा कि व्यवस्था ऐसी है कि चाह कर भी इलाज पूरा नहीं हो पा रहा है. बसिया निवासी 55 वर्षीय मंगन लोहरा के बेटे अमित मिंज को अपने पिता के लिए रांची से रक्त लाना पड़ा. उन्होंने कहा कि आर्थिक स्थिति कमजोर होने के कारण बार-बार बाहर से रक्त लाना संभव नहीं है. उसे कहा कि स्थानीय ब्लड बैंक जल्द चालू होना चाहिए, ताकि मरीजों को बाहर से रक्त नहीं लाना पड़े. शहर के चेटर निवासी 60 वर्षीय मंजू देवी ने चिंता जताते हुए कहा है कि एक यूनिट रक्त मिलने के बाद आगे की व्यवस्था नहीं हो पा रही है. हमलोगों के पास इतने पैसे भी नहीं है कि रांची जाकर खून लाया जा सके. उन्होंने प्रशासन से जल्द से जल्द समस्या का समाधान कराने की मांग की है. सदर अस्पताल में भर्ती रायडीह के दिगंबर प्रधान ने भी व्यवस्था पर सवाल उठाते हुए कहा कि डोनर मिलने के बावजूद समय पर रक्त नहीं मिल रहा, जिससे मरीजों की स्थिति बिगड़ रही है. खून नहीं मिलने से हाथापाई की भी नौबत आ जा रही है. उन्होंने अस्पताल प्रबंधन से व्यवस्था दुरुस्त करने की मांग की है.

11 अप्रैल को डुमरी प्रखंड से शुरू होगा रक्तदान अभियान

जिले में रक्त की किल्लत को देखते हुए उपायुक्त प्रेरणा दीक्षित ने जिले के सभी प्रखंडों में रक्तदान शिविर लगाने और लोगों को इस महादान में बढ़-चढ़ कर हिस्सा लेने की अपील की है. प्रशासन का लक्ष्य है कि जल्द से जल्द स्टॉक को दोबारा भरा जाये, ताकि किसी की जान जोखिम में न पड़े. अभियान की शुरुआत 11 अप्रैल को डुमरी प्रखंड से होगी. इसके बाद 13 अप्रैल को जारी, 16 अप्रैल को सदर गुमला, 18 अप्रैल को पालकोट, 20 अप्रैल को सिसई, 22 अप्रैल को बसिया, 24 अप्रैल को कामडारा, 27 अप्रैल को बिशुनपुर, 29 अप्रैल को भरनो और 30 अप्रैल को चैनपुर में शिविर लगाया जायेगा. वहीं मई माह में भी यह अभियान जारी रहेगा, जिसके तहत चार मई को घाघरा और छह मई को रायडीह में रक्तदान शिविर का आयोजन किया जायेगा.

The post सदर अस्पताल में ब्लड बैंक खाली, मरीजों को नहीं मिल रहा रक्त appeared first on Prabhat Khabar.

Spread the love

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here

Popular Articles