Top 5 This Week

Related Posts

चतरा में गैस सिलिंडर को लेकर हाथापाई:घंटों लाइन में लगे, नहीं मिला सिलिंडर, एजेंसी कर्मियों से उलझे, कालाबाजारी का आरोप


चतरा जिले के हंटरगंज स्थित प्रतापपुर इंद्रप्रस्थ एचपी गैस एजेंसी के बाहर घंटों लाइन में खड़े रहने के बावजूद जब लोगों को सिलेंडर नहीं मिला, तो उनका धैर्य जवाब दे गया। एजेंसी कर्मियों के साथ तीखी नोकझोंक शुरू हो गई। देखते ही देखते विवाद इतना बढ़ गया कि मारपीट की नौबत आ गई। मौके पर मौजूद लोगों ने बताया कि लंबे समय से गैस वितरण में गड़बड़ी की शिकायतें मिल रही थीं, लेकिन इस बार उपभोक्ताओं ने खुलकर विरोध किया। सूचना मिलने पर पुलिस मौके पर पहुंची और स्थिति को किसी तरह नियंत्रित किया। मोबाइल पर डिलीवरी का मैसेज, लेकिन सिलेंडर नहीं हंगामे के दौरान उपभोक्ताओं ने एजेंसी पर गंभीर आरोप लगाए। ग्रामीणों का कहना है कि पिछले 6 महीने से एक साल तक उन्होंने कोई गैस सिलेंडर नहीं लिया है, फिर भी उनके मोबाइल पर गैस डिलीवर होने का संदेश आ रहा है। पीड़ितों के अनुसार, उनके नाम पर सिलेंडर बुक कर लिया जाता है। बिना ओटीपी साझा किए ही उसे सिस्टम में डिलिवर्ड दिखा दिया जाता है। जब वे एजेंसी पर पहुंचते हैं, तो उन्हें बताया जाता है कि उनका सिलेंडर पहले ही उठाया जा चुका है। इस तरह की शिकायतें एक-दो नहीं, बल्कि दर्जनों उपभोक्ताओं ने सामने रखीं, जिससे पूरे मामले में बड़े घोटाले की आशंका जताई जा रही है। एजेंसी संचालक ने आरोपों से किया इनकार वहीं, आरोपों के घेरे में आए एजेंसी संचालक कपिल पासवान ने सभी आरोपों को खारिज करते हुए कहा कि गैस वितरण पूरी पारदर्शिता के साथ किया जा रहा है। ओटीपी के माध्यम से ही सिलेंडर दिया जाता है। उन्होंने मारपीट की घटना से भी अनभिज्ञता जताई। हालांकि, लगातार सामने आ रही शिकायतों ने कई सवाल खड़े कर दिए हैं। उपभोक्ताओं ने प्रशासन से पूरे मामले की निष्पक्ष जांच कराने की मांग की है। लोगों का कहना है कि यदि एजेंसी के रिकॉर्ड और वास्तविक स्टॉक की जांच की जाए, तो बड़े स्तर पर गड़बड़ी सामने आ सकती है।

Spread the love

Popular Articles