![]()
सरायकेला जिले के आरआईटी थाना क्षेत्र के आसंगी में खरकाई नदी पर बने चेक डैम में सेंट्रल पब्लिक स्कूल के नौवीं कक्षा के दो छात्र डूब गए। सूचना मिलने पर पुलिस मौके पर पहुंची और स्थानीय गोताखोरों की मदद से बचाव अभियान शुरू किया। बताया गया कि सेंट्रल पब्लिक स्कूल के तीन छात्र गोडविन थॉमस, रौनक भारद्वाज और प्रशांत कुमार स्कूल से भागकर चेक डैम पहुंचे थे। रौनक और गोडविन नहाने के उद्देश्य से डैम में कूद गए। प्रशांत ने घटना की सूचना पुलिस को दी प्रशांत ने अपने दोनों साथियों को डूबते देखा। उसने नदी में नहा रहे अन्य लोगों से मदद मांगी, लेकिन वे सफल नहीं हो सके। इसके बाद प्रशांत ने घटना की सूचना पुलिस को दी। सूचना मिलते ही गोडविन और रौनक के परिजन भी मौके पर पहुंच गए। दोनों परिवारों में मातम पसरा हुआ है। गोडविन और रौनक अपने माता-पिता की इकलौती संतान थे। रौनक के परिजन आदित्यपुर कॉलोनी रोड नंबर 11 में रहते हैं, जबकि गोडविन के परिजन रोड नंबर 27 में निवास करते हैं।


