![]()
पलामू जिले में दो अलग-अलग हादसों में दो लोगों की मौत हो गई। एक घटना में लापता बुजुर्ग का शव तालाब से मिला, जबकि दूसरी घटना में मॉर्निंग वॉक के दौरान छत से गिरने से एक व्यक्ति की जान चली गई। पहली घटना शहर थाना क्षेत्र के रेड़मा बारालोटा की है। यहां 45 वर्षीय विनोद राम की अपने घर की छत से गिरकर मौत हो गई। परिजनों के अनुसार, गुरुवार सुबह विनोद राम छत पर टहल रहे थे, तभी अचानक उनका संतुलन बिगड़ गया और वे नीचे गिर पड़े। गंभीर रूप से घायल होने के बाद परिजन उन्हें तत्काल मेदिनीराय मेडिकल कॉलेज अस्पताल ले गए। वहां चिकित्सकों ने प्राथमिक उपचार के बाद उन्हें मृत घोषित कर दिया। बुजुर्ग की मानसिक स्थिति ठीक नहीं थी वहीं, दूसरी घटना लेस्लीगंज थाना क्षेत्र के कुंदरी गांव में हुई। यहां 70 वर्षीय बुजुर्ग सोहराई यादव का शव एक तालाब से बरामद किया गया। बताया गया कि वे बुधवार शाम से लापता थे और परिजन उनकी तलाश कर रहे थे। गुरुवार सुबह शौच के लिए गए ग्रामीणों ने तालाब में शव देखा और इसकी सूचना परिजनों को दी। मौके पर पहुंचे परिजनों ने शव की पहचान सोहराई यादव के रूप में की। परिजनों के अनुसार, सोहराई यादव की मानसिक स्थिति ठीक नहीं थी और वे बुधवार शाम खेत की ओर निकले थे, लेकिन वापस घर नहीं लौटे थे। सूचना मिलने पर लेस्लीगंज पुलिस मौके पर पहुंची और शव को कब्जे में लेकर पोस्टमॉर्टम के लिए एमएमसीएच भेज दिया। पुलिस पूरे मामले की जांच कर रही है।

