![]()
रांची के मांडर थाना क्षेत्र स्थित टोल प्लाजा पर बीती रात उस वक्त अफरा-तफरी मच गई, जब शादी समारोह में जा रहे 50–60 लोगों के समूह ने अचानक हमला कर दिया। टोल प्रबंधन के अनुसार, यह पूरा मामला एक मामूली विवाद से शुरू हुआ, जो देखते ही देखते हिंसक रूप ले बैठा। आरोप है कि कुछ लोग नियमों को दरकिनार करते हुए गलत दिशा (रॉन्ग साइड) से टोल प्लाजा में प्रवेश करने की कोशिश कर रहे थे। जब ड्यूटी पर तैनात कर्मियों ने उन्हें रोका, तो वे उग्र हो गए। लाइन नंबर 7 से जबरन घुसे, बढ़ी भीड़ बताया गया कि विवाद टोल प्लाजा के लाइन नंबर 7 पर शुरू हुआ, जो ऑटो और बाइक के लिए निर्धारित थी। इसके बावजूद कुछ लोग कार लेकर उसी लेन से गुजरने का प्रयास कर रहे थे। कर्मचारियों द्वारा विरोध करने पर वे जबरन टोल लाइन तोड़कर अंदर घुस गए और अपने अन्य साथियों को भी बुला लिया। देखते ही देखते 30–40 से बढ़कर 50–60 लोगों की भीड़ जमा हो गई। सभी लोग अलग-अलग गाड़ियों से पहुंचे थे। स्थिति पूरी तरह बेकाबू हो गई। टोल मैनेजर समेत कई कर्मी घायल टोल मैनेजर का आरोप है कि हमलावरों ने गाली-गलौज करते हुए कर्मचारियों पर हमला कर दिया। लात-घूंसों से जमकर मारपीट की गई, जिसमें टोल मैनेजर, अकाउंटेंट समेत करीब आधा दर्जन कर्मी घायल हो गए। महिला कर्मियों को भी नहीं बख्शा गया। दो कर्मचारियों की हालत गंभीर बताई जा रही है, जिन्हें इलाज के लिए रिम्स रेफर किया गया है। घटना के बाद टोल प्लाजा पर मौजूद अन्य कर्मचारियों में दहशत फैल गई। पूरी वारदात वहां लगे सीसीटीवी कैमरों में कैद हो गई है। ₹70 हजार की लूट, गाड़ियों के नंबर आए सामने हमलावरों ने टोल प्लाजा पर पत्थरबाजी कर संपत्ति को नुकसान पहुंचाया। टोल कार्यालय से करीब 70 हजार रुपए नकद व कैश अलमारी की चाबी लूटकर फरार हो गए। शिकायत में कुछ गाड़ियों के नंबर भी बताए गए हैं। जिनमें JH 01 DG 8553 (स्विफ्ट), JH 02 BM 9725 (बलेनो), JH 01 BA 3900 (अल्टो 800), JH 01 AJ 8239 (स्विफ्ट) और JH 01 AN 2870 शामिल हैं। टोल प्रबंधन ने मांडर थाना में प्राथमिकी दर्ज कराते हुए सख्त कार्रवाई की मांग की है। पुलिस ने मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है। सीसीटीवी फुटेज के आधार पर आरोपियों की पहचान की जा रही है।
