जापान के काकामीगाहारा में 29 मई से 6 जून तक होने वाले अंडर-18 एशिया कप के लिए झारखंड की हॉकी प्रतिभाओं ने एक बार फिर दम दिखाया है। भारतीय सब-जूनियर महिला और पुरुष टीम के नेशनल कोचिंग कैंप के लिए राज्य के 11 खिलाड़ियों का चयन हुआ है। इनमें 8 लड़कियां और 3 लड़के शामिल हैं। यह कैंप 19 से 25 अप्रैल तक भोपाल स्थित साई सेंटर में चलेगा। महिला टीम में सुगन सांगा, संदीपा कुमारी, पुष्पा मांझी, अंकिता लकड़ा, श्रुति कुमारी, खिली कुमारी, नीलम टोपनो और प्रीति बिलुंग शामिल हैं। जबकि पुरुष टीम में आशीष तानी पूर्ति, प्रेमचंद सोय और जयसन कांडूलना ने जगह बनाई है।

