Top 5 This Week

Related Posts

भाजपा ने 24 जिलों में बिजली कार्यालयों का घेराव किया:धनबाद में जीएम को सौंपा ज्ञापन, स्मार्ट मीटर का विरोध


झारखंड में शुक्रवार को भाजपा ने बिजली स्मार्ट मीटर, बढ़े हुए बिजली बिल और लगातार बिजली कटौती के विरोध में प्रदर्शन किया। धनबाद में भाजपा कार्यकर्ता पॉलीटेक्निक मोड़ से जुलूस निकालकर मिश्रित भवन स्थित बिजली कार्यालय पहुंचे और घेराव कर विरोध जताया। इस कार्यक्रम का नेतृत्व धनबाद विधायक राज सिन्हा ने किया। इसमें बड़ी संख्या में महिला और पुरुष कार्यकर्ता शामिल हुए। प्रदर्शनकारियों के हाथों में बैनर और तख्तियां थीं, जिन पर “बढ़ी हुई बिजली दर वापस लो” और “बिजली दर कम करो” जैसे नारे लिखे थे। घेराव के बाद भाजपा के एक प्रतिनिधिमंडल ने बिजली विभाग के महाप्रबंधक अशोक कुमार सिन्हा से मुलाकात की। उन्हें एक ज्ञापन सौंपा गया, जिसमें स्मार्ट मीटर से जुड़ी परेशानियों, अनियमित बिजली आपूर्ति और बढ़े हुए बिजली बिलों की समस्याओं का उल्लेख किया गया था। विधायक राज सिन्हा ने कहा कि बिजली की समस्या से आम जनता परेशान हैं। उन्होंने आरोप लगाया कि पर्याप्त बिजली नहीं मिल रही है, जबकि स्मार्ट मीटर और बढ़ी हुई दरों के कारण उपभोक्ताओं पर अतिरिक्त आर्थिक बोझ पड़ रहा है। उन्होंने बताया कि यह विरोध प्रदर्शन केवल धनबाद तक सीमित नहीं है, बल्कि झारखंड के सभी 24 जिलों में भाजपा द्वारा बिजली कार्यालयों का घेराव किया गया है। उन्होंने चेतावनी दी कि यदि समस्याओं का जल्द समाधान नहीं हुआ, तो आंदोलन और तेज किया जाएगा। इधर, जामताड़ा भाजपा ने बिजली विभाग के कार्यपालक अभियंता कार्यालय के समक्ष एक दिवसीय धरना-प्रदर्शन किया। साथ ही झारखंड सरकार और विद्युत आपूर्ति विभाग के विरुद्ध जमकर नारेबाजी की।

Spread the love

Popular Articles