Top 5 This Week

Related Posts

गोड्डा पुलिस ने अपहरण, हत्या, रंगदारी कांड का किया खुलासा:4 आरोपी गिरफ्तार, हथियार और सामान बरामद


गोड्डा जिले के बलबड्डा और मेहरमा थाना क्षेत्रों में हाल ही में हुई अपहरण, हत्या और रंगदारी के लिए फायरिंग जैसी गंभीर आपराधिक घटनाओं का पुलिस ने सफलतापूर्वक खुलासा कर दिया है। गोड्डा पुलिस ने इस संबंध में चार आरोपियों को गिरफ्तार किया है। गोड्डा पुलिस अधीक्षक मुकेश कुमार के निर्देश पर एक विशेष जांच टीम (एसआईटी) का गठन किया गया था। टीम ने गुप्त सूचना और तकनीकी साक्ष्यों के आधार पर कार्रवाई करते हुए बलबड्डा थाना क्षेत्र के कोकरा खास गांव से संदिग्धों को हिरासत में लिया। पूछताछ के दौरान आरोपियों ने कई घटनाओं में अपनी संलिप्तता स्वीकार की। गोड्डा पुलिस अधीक्षक मुकेश कुमार ने बताया कि आरोपियों द्वारा गांव के आपसी विवाद में 13 वर्षीय गुलशन कुमार की गला दबाकर हत्या कर दी गई थी। शव को बाद में तालाब में फेंक दिया गया था। एक अन्य घटना में, 29 जनवरी 2026 को एक छड़-सीमेंट व्यवसायी का अपहरण किया गया था। आरोपियों ने व्यवसायी से 5 लाख रुपये की फिरौती ली और उसे डबिया से वार कर गंभीर रूप से घायल कर दिया था। इसके अतिरिक्त एक अनाज व्यवसायी से रंगदारी मांगा, नहीं देने पर उनके अनाज गोदाम पर 12 अप्रैल को मेहरमा थाना क्षेत्र के सुड़नी चौक पर फायरिंग की घटना को अंजाम दिया गया। इसमें एक व्यक्ति घायल हुआ था। 14 मार्च 2026 को आइसक्रीम विक्रेता पिंटू तांती की आपसी विवाद में गोली मारकर हत्या कर दी गई थी। हत्या के बाद उसके पास से पैसे भी लूट लिए गए थे। पुलिस ने इन सभी मामलों में मिथलेश कुमार दास (25), सुमन कुमार उर्फ सोनू (20), प्यारेलाल तांती (20) और पवन कुमार दास (22) को गिरफ्तार किया है। ये सभी आरोपी बलबड्डा थाना क्षेत्र के कोकरा खास गांव के निवासी हैं। आरोपियों की निशानदेही पर पुलिस ने भारी मात्रा में हथियार और अन्य सामान बरामद किए हैं। इनमें एक मैगजीन लगा देसी पिस्टल, दो देसी कट्टा, दो सुतली बम, दो जिंदा कारतूस, दो लोहे का डबिया, एक फायर किया हुआ खोखा, तीन मोटरसाइकिल, छह मोबाइल फोन, सात सिम कार्ड, एक हेलमेट, एक काला रंग का बैग, घटना के समय पहने गए कपड़े-चप्पल और एक टोटो वाहन शामिल हैं।

Spread the love

Popular Articles