![]()
लातेहार | सदर थाना क्षेत्र के मुरूप में शनिवार की अहले सुबह तीन बजे अपराधियों ने रामप्रसाद के घर के बाहर खड़ी बाइक में आग लगा दी। जिससे बाइक जलकर नष्ट हो गई। घटना के समय घर के लोग अंदर थे। बाहर आने पर देखा कि बाइक में भीषण आग लगी हुई है। परिजनों ने आग बुझाने का काफी प्रयास किया, लेकिन आग इतनी तेज थी कि कुछ ही देर में पूरी बाइक जलकर नष्ट हो गई। इस घटना में करीब एक लाख रुपए के नुकसान हुआ है। पीड़ित के भाई राम चंद प्रसाद ने बताया कि गांव में किसी से दुश्मनी नहीं है। घटना की सूचना मिलने पर पुलिस पहुंची और मामले की जांच में जुट गई। थाना प्रभारी प्रमोद सिन्हा ने बताया कि पीड़ित द्वारा लिखित आवेदन दिए जाने के बाद आगे की कानूनी कार्रवाई की जाएगी। चंदवा | चंदवा प्रखंड में गुणवत्तापूर्ण शिक्षा को बढ़ावा देने के लिए झारखंड मुक्ति मोर्चा युवा मोर्चा के सदस्यों ने सीएम स्कूल ऑफ एक्सीलेंस की स्थापना की मांग को लेकर मुख्यमंत्री को संबोधित आवेदन जिला अध्यक्ष लाल मोती नाथ शाहदेव को सौंपा है। सदस्यों ने कहा कि चंदवा और आसपास के ग्रामीण इलाकों में गुणवत्तापूर्ण शिक्षा की कमी है। आर्थिक रूप से कमजोर परिवारों के बच्चे बेहतर पढ़ाई के लिए बाहर नहीं जा पाते, जिससे उनकी प्रतिभा दबकर रह जाती है। ऐसे में क्षेत्र में एक आधुनिक विद्यालय की सख्त जरूरत है। उन्होंने बताया कि प्रस्तावित सीएम स्कूल ऑफ एक्सीलेंस में स्मार्ट क्लास, कंप्यूटर लैब, विज्ञान प्रयोगशाला, पुस्तकालय और खेलकूद जैसी अत्याधुनिक सुविधाएं उपलब्ध होंगी, जिससे छात्रों को बेहतर माहौल में शिक्षा मिल सकेगी। जिला अध्यक्ष लाल मोती नाथ शाहदेव ने भरोसा दिलाया कि वे जल्द ही मुख्यमंत्री से मुलाकात कर इस मांग को प्राथमिकता के साथ उठाएंगे। वहीं, युवा मोर्चा के कार्यकर्ताओं ने इस पहल का स्वागत करते हुए उम्मीद जताई है कि सरकार जल्द ही इस दिशा में सकारात्मक निर्णय लेगी, जिससे चंदवा के छात्रों को बेहतर शैक्षणिक अवसर मिल सकें। लातेहार| सदर अस्पताल में ड्यूटी पर तैनात डॉ. अनुपम कुमार, ड्रेसर राजदेव कुमार, अजीत कुमार एवं वहां तैनात पुलिसकर्मियों के साथ मारपीट और बदसलूकी मामले में पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए दो लोगों को गिरफ्तार कर जेल भेज दिया है। गिरफ्तार आरोपी में राजू यादव पिता बनवारी यादव और मुकेश यादव पिता लालधारी यादव (दोनों बारी, चंदवा) शामिल है। थाना प्रभारी प्रमोद कुमार सिन्हा ने बताया कि डॉक्टर के आवेदन के आधार पर सदर थाना कांड संख्या 64/26 दर्ज कर लिया गया है। उन्होंने कहा कि घटना में शामिल अन्य आरोपियों की पहचान कर ली गई है और उनकी गिरफ्तारी के लिए लगातार छापेमारी अभियान चलाया जा रहा है। पुलिस ने स्पष्ट किया है कि कानून व्यवस्था से खिलवाड़ करने वालों के खिलाफ सख्त कार्रवाई जारी रहेगी। लातेहार | व्यवहार न्यायालय, लातेहार में भारत के सर्वोच्च न्यायालय की समिति के तत्वावधान में अधिवक्ताओं एवं उनके क्लर्कों के लिए ई-कोर्ट प्रणाली को लेकर प्रशिक्षण कार्यक्रम का आयोजन किया गया। कार्यक्रम में मास्टर ट्रेनर के रूप में अधिवक्ता बिनोद कुमार एवं अधिवक्ता मोहम्मद अब्दुल सलाम ने अधिवक्ताओं को ई-कोर्ट से संबंधित विभिन्न पहलुओं की विस्तृत जानकारी दी। उन्होंने बताया कि आने वाले समय में न्यायालय की प्रक्रिया पूरी तरह से डिजिटल और पेपरलेस होने जा रही है, जिसके तहत ई-फाइलिंग, ऑनलाइन दस्तावेज जमा करना तथा वर्चुअल माध्यम से सुनवाई जैसी व्यवस्थाएं लागू होंगी। इस मौके पर प्रधान जिला एवं सत्र न्यायाधीश शेषनाथ सिंह ने न्यायालय में भविष्य में होने वाले तकनीकी बदलावों पर विस्तार से चर्चा की। उन्होंने कहा कि ई-कोर्ट प्रणाली से न्यायिक प्रक्रिया में पारदर्शिता, गति और सुगमता आएगी, जिससे आम लोगों को भी काफी लाभ मिलेगा। इस प्रशिक्षण कार्यक्रम में प्रधान जिला एवं सत्र न्यायाधीश, रजिस्ट्रार सहित लातेहार अधिवक्ता मौजूद थे। हेरहंज | हेरहंज प्रखंड क्षेत्र में अप्रैल माह में ही गर्मी से लोग परेशान हैं। तापमान 39 डिग्री तक पहुंच चुका है। अगले चार-पांच दिनों तक गर्मी से राहत मिलना मुश्किल है। गर्मी की शुरुआत में ही कई ताल-तलैया सूखने लगे हैं। गहरे तालाबों और कूपों का जल स्तर घटता जा रहा है। गर्मी के कारण सड़कों पर सन्नाटा पसर जा रहा है। मुख्यालय स्थित श्री राम जानकी मंदिर तालाब अप्रैल माह में ही सूख गया। प्रखंड क्षेत्र के गांव में लगे हैण्डपंप भी जबाब देने लगे हैं। लातेहार| सदर थाना क्षेत्र की आरागुंडी पंचायत अंतर्गत पतरातू गांव में आईटीडीए विभाग की ओर से लगभग 22 लाख रुपए की लागत से बनाए जा रहे देवस्थल बाउंड्री निर्माण कार्य में गंभीर अनियमितताओं का मामला सामने आया है। शनिवार को जिला परिषद सदस्य विनोद उरांव निर्माण स्थल पर पहुंचे, जहां उन्होंने कार्य में कई खामियां पाईं। निरीक्षण के दौरान उन्होंने पाया कि बाउंड्री निर्माण में मानकों की अनदेखी की जा रही है और घटिया सामग्री का उपयोग हो रहा है। विनोद उरांव ने आरोप लगाया कि ठेकेदार और विभागीय मिलीभगत से निर्माण कार्य किया जा रहा है। उन्होंने कहा कि जहां पीसीसी कार्य में निर्धारित गुणवत्ता के ईंट और सामग्री का उपयोग होना चाहिए, वहां निम्न स्तर की बंगला ईंटें लगाई जा रही हैं। ढलाई की मोटाई भी मात्र 2 से 2.5 इंच ही रखी जा रही है, जो मानकों के अनुरूप नहीं है। उन्होंने यह भी कहा कि निर्माण कार्य में निर्धारित मात्रा के अनुसार सरिया (छड़) का उपयोग नहीं किया जा रहा है, जिससे बाउंड्री की मजबूती पर सवाल खड़े हो रहे हैं। इसके अलावा, निर्माण के बाद नियमित रूप से पानी का छिड़काव भी नहीं किया जा रहा, जो गुणवत्ता बनाए रखने के लिए आवश्यक होता है।


