![]()
गिरिडीह जिले के धनवार थाना क्षेत्र में पत्थर खदान को लेकर चल रहा पुराना विवाद बुधवार रात खूनी संघर्ष में बदल गया। गलवाती पंचायत के खैरीडीह गांव के समीप हुई इस घटना में एक अधेड़ व्यक्ति की चाकू से गोदकर हत्या कर दी गई। जिससे इलाके में सनसनी फैल गई। मृतक की पहचान खैरीडीह निवासी रफीक अंसारी (56 वर्ष) के रूप में हुई है। बताया जा रहा है कि रफीक अंसारी और जियाउल अंसारी के बीच लंबे समय से खदान को लेकर विवाद चला आ रहा था, जो पहले भी कई बार तनाव का कारण बन चुका था। कहासुनी के बाद मारपीट, चाकू से ताबड़तोड़ वार स्थानीय लोगों के अनुसार, बुधवार को दोनों पक्षों के बीच विवाद अचानक बढ़ गया। कहासुनी के बाद मारपीट शुरू हो गई। स्थानीय लोगों ने बताया कि इसी दौरान जियाउल अंसारी ने चाकू निकालकर रफीक अंसारी पर ताबड़तोड़ हमला कर दिया। गंभीर चोट लगने के कारण रफीक अंसारी की घटनास्थल पर ही मौत हो गई। घटना के बाद आरोपी मौके से फरार हो गया। पुलिस जांच में जुटी, इलाके में बढ़ाई गई निगरानी घटना की सूचना मिलते ही धनवार थाना प्रभारी ब्रजेश कुमार पुलिस बल के साथ मौके पर पहुंचे और शव को कब्जे में लेकर पोस्टमॉर्टम के लिए भेज दिया। मामले की गंभीरता को देखते हुए पुलिस अधीक्षक डॉ. बिमल कुमार और एसडीपीओ खोरीमहुआ राजेंद्र प्रसाद को भी सूचित किया गया। पुलिस ने पूरे मामले की छानबीन शुरू कर दी है। आरोपी की गिरफ्तारी के लिए लगातार छापेमारी की जा रही है। गांव में तनाव, अतिरिक्त पुलिस बल की तैयारी हत्या की इस वारदात के बाद खैरीडीह गांव में तनाव का माहौल बना हुआ है। मृतक के परिजन और ग्रामीण आक्रोशित हैं। जिसे देखते हुए पुलिस ने इलाके में निगरानी बढ़ा दी है। किसी भी अप्रिय घटना से निपटने के लिए अतिरिक्त पुलिस बल की तैनाती की तैयारी की गई है। एसडीपीओ खोरीमहुआ राजेंद्र प्रसाद ने बताया कि प्रथम दृष्टया मामला पत्थर खदान विवाद से जुड़ा प्रतीत हो रहा है, हालांकि अन्य पहलुओं पर भी जांच जारी है।


