![]()
हजारीबाग के व्यस्त मालवीय मार्ग स्थित कुंआ चौक पर बुधवार रात एक बिजली के पोल में भीषण आग लग गई। शॉर्ट सर्किट के कारण हुए इस हादसे से इलाके में हड़कंप मच गया। आग की लपटें इतनी तेज थीं कि बिजली के तार पिघलकर नीचे गिरने लगे। प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार, रात के समय अचानक खंभे के ऊपरी हिस्से से चिंगारियां निकलने लगीं। देखते ही देखते इंसुलेशन और रबर के तारों ने आग पकड़ ली। काला धुआं और आग की लपटें तेजी से आसमान की ओर उठने लगीं। घटनास्थल के ठीक नीचे और आसपास कई दुकानें स्थित हैं। करंट प्रवाहित होने के डर से कोई भी व्यक्ति आग बुझाने के लिए पास जाने की हिम्मत नहीं जुटा सका। सुरक्षा के मद्देनजर आसपास के दुकानदारों ने तुरंत अपनी दुकानों के शटर गिरा दिए। स्थानीय नागरिकों और दुकानदारों ने तत्काल बिजली विभाग के कनिष्ठ अभियंता और स्थानीय पावर हाउस को सूचना दी। विभाग ने स्थिति की गंभीरता को समझते हुए पूरे क्षेत्र की बिजली आपूर्ति तुरंत बंद कर दी। समय पर बिजली कटने से लोगों ने राहत की सांस ली, क्योंकि तारों के टूटने से बड़ा जान-माल का नुकसान हो सकता था। अग्निशमन विभाग को भी सूचित किया गया। स्थानीय निवासियों का कहना है कि गर्मी के कारण लोड बढ़ने से अक्सर ऐसे शॉर्ट सर्किट होते हैं। उन्होंने विभाग से मांग की है कि झूलते हुए जर्जर तारों और ओवरलोडेड ट्रांसफार्मर की नियमित जांच की जाए, ताकि घनी आबादी वाले इन इलाकों में भविष्य में ऐसी घटनाओं की पुनरावृत्ति न हो।

