![]()
चतरा पुलिस ने अमन साहू गैंग के एक सक्रिय सदस्य को गिरफ्तार किया है। यह गिरफ्तारी व्हाट्सएप कॉल के जरिए रंगदारी मांगने के मामले में हुई है। पुलिस ने सिमरिया एसडीपीओ अमिता लकड़ा के नेतृत्व में कार्रवाई करते हुए अपराधी को उस वक्त दबोचा जब वह लेवी की रकम वसूलने पहुंचा था। सिमरिया एसडीपीओ अमिता लकड़ा ने बताया कि गिद्धौर निवासी जितेंद्र ठाकुर को पिछले कुछ दिनों से अज्ञात नंबरों से व्हाट्सएप कॉल आ रहे थे। कॉल करने वाला खुद को अमन साहू गैंग का सदस्य बताकर लाखों की रंगदारी मांग रहा था और पैसे न देने पर जान से मारने की धमकी दे रहा था। जितेंद्र ठाकुर की शिकायत पर टंडवा थाना में कांड संख्या 43/26 दर्ज किया गया। चतरा एसपी के निर्देश पर सिमरिया एसडीपीओ के नेतृत्व में एक विशेष छापामारी दल का गठन किया गया। पुलिस ने तकनीकी शाखा की मदद से अपराधी के लोकेशन को ट्रैक किया। अपराधी की पहचान रोहित उरांव उर्फ अभिषेक जी (27) के रूप में हुई है। पुलिस टीम ने उसे उस समय घेर लिया, जब वह लेवी की रकम लेने पहुंचा था। पुलिस ने मौके से वारदात में इस्तेमाल किए गए सामान भी बरामद किए हैं, जिनमें एक वन प्लस मोबाइल (व्हाट्सएप कॉल के लिए प्रयुक्त), एक रियलमी मोबाइल और एक कार शामिल हैं। सिमरिया एसडीपीओ ने बताया कि रोहित उरांव कोई साधारण अपराधी नहीं है। यह अमन साहू गैंग का वह चेहरा है जो चतरा और आसपास के जिलों में व्हाट्सएप कॉल के जरिए व्यापारियों को डराता था। इसके आपराधिक इतिहास पर नजर डालें तो रोंगटे खड़े हो जाते हैं। इसके खिलाफ पिपरवार, टण्डवा और गिद्धौर थानों में 12 से ज्यादा गंभीर मामले दर्ज हैं, जिनमें हत्या का प्रयास, रंगदारी, आर्म्स एक्ट और यहाँ तक कि यूएपीए (UAPA) जैसी संगीन धाराएं शामिल हैं।

