Saturday, June 13, 2026

Breaking
News

🕒

Latest
Updates

🔔

Stay
Informed

Top 5 This Week

Related Posts

महिला ने फर्जी दस्तावेज से बेची करोड़ों की जमीन:राजस्थान में अग्रवाल-गोयनका परिवार की बहू बनकर किया घोटाला, कोडरमा की है रहने वाली


राजस्थान पुलिस ने कोडरमा जिले से एक महिला को करोड़ों रुपए की जमीन धोखाधड़ी के आरोप में गिरफ्तार किया है। महिला पर फर्जी दस्तावेज बनाकर राजस्थान में जमीन बेचने का आरोप है। यह गिरफ्तारी शुक्रवार को तिलैया थाना क्षेत्र से हुई। चुरू जिले के राजगढ़ थाने की पुलिस शुक्रवार को कोडरमा के तिलैया थाने पहुंची। उन्होंने तिलैया थाना क्षेत्र के अड्डी बांग्ला निवासी संगीता देवी को हिरासत में लिया। संगीता देवी पर राजस्थान में करोड़ों की जमीन अवैध रूप से बेचने का आरोप है। राजगढ़ थाने के एसआई धर्मेंद्र सिंह ने बताया कि संगीता देवी झुमरी तिलैया के अड्डी बांग्ला निवासी महावीर राजगढ़िया की पत्नी हैं। संगीता देवी ने चुरू जिले के राजगढ़ थाना क्षेत्र में कई स्थानों पर करोड़ों रुपए की जमीन फर्जी कागजात के आधार पर बेच दी। उन्होंने खुद को कभी अग्रवाल परिवार की बहू तो कभी गोयनका परिवार की विधवा बहू बताकर यह धोखाधड़ी की। महेंद्र जनोंदिया को भी गिरफ्तार कर जेल भेजा जा चुका है एसआई धर्मेंद्र सिंह ने यह भी बताया कि इस मामले में राजगढ़ के वार्ड पार्षद महेंद्र जनोंदिया को भी गिरफ्तार कर जेल भेजा जा चुका है। यह मामला अक्टूबर 2022 में सामने आया था, जब राजगढ़ थाना क्षेत्र के राजेश कुमार नामक व्यक्ति ने जमीन फर्जीवाड़े की शिकायत दर्ज कराई थी। शिकायत के बाद पुलिस ने मामले की जांच शुरू की थी, जिसके बाद यह गिरफ्तारियां हुई हैं। तहकीकात के दौरान जो तथ्य सामने आए, वह हैरान करने वाले थे। उन्होंने बताया कि दरअसल राजगढ़ थाना क्षेत्र में एक प्लॉट है जिसका रकवा 1337.67 वर्ग फीट है। इस भूमि की वास्तविक कीमत करीब डेढ करोड़ रुपए की थी, लेकिन इस भूमि का सही रैयत एक गोयनका परिवार था, जो अरसे पहले राजस्थान से किसी अन्य राज्य जा चुका था। इसी दौरान महेंद्र जनोंदिया और मनोज कुमार को पता चला कि जमीन किसी मंगलचंद गोयनका के परिवार की है। जिसमें संगीता नामक एक महिला है, जो जीवित है बाकी सभी लोगों की मृत्यु हो चुकी है। फिर क्या मनोज और महेंद्र ने एक ऐसी महिला की तलाश शुरू की जिसका नाम संगीता और पति का नाम महावीर हो। इसी दौरान झुमरीतिलैया के रहने वाली संगीता देवी 2022 में राजस्थान के सबसे बड़े तीर्थ स्थान में से एक सालासर धाम दर्शन के लिए गई हुई थी। इस दौरान दर्शन करने के क्रम में संगीता की मुलाकात मनोज से हुई। बातचीत में मनोज ने इनका नाम पूछा। जिसमें इन्होंने जैसे ही अपना नाम संगीता और पति का नाम महावीर बताया, मनोज की बांछे खिल गई। इसके बाद मनोज इन्हें वहां के पार्षद महेंद्र जनोंदिया के पास ले गए। यहीं से उस भूमि के फर्जीवाड़ा की कहानी शुरू हुई। एक फर्जी वंशावली तैयार की गई महेंद्र और मनोज ने मिलकर संगीता को लाखों रुपए का लालच दिया और जमीन बेचने की बात कही। इसके बाद एक फर्जी वंशावली तैयार की गई, जिसमें संगीता को मंगलचंद नामक एक व्यक्ति की विधवा बहू बनाया गया और यह जमीन संगीता से मनोज ने पावर ऑफ अटॉर्नी के रूप में खरीद ली। पुलिस को दिए गए बयान के अनुसार, मनोज ने बताया कि इस काम के लिए संगीता को 11 लाख रुपए दिए गए। जबकि संगीता का साफ-साफ कहना है कि उसे मात्र 11 हजार रुपए ही प्राप्त हुए हैं।
इधर, पुलिस इन्वेस्टिगेशन में यह बातें सामने आई कि पावर ऑफ अटॉर्नी लेने के बाद मनोज ने वह जमीन राजेश कुमार को बेच दी। इसके बाद जब राजेश उस जमीन को किसी अन्य व्यक्ति के पास बेचने जा रहा था कि इसी दरमियान निबंधन कार्यालय में यह बातें सामने आई कि वह जमीन गलत कागजात तैयार कर बेची गई थी, जिसका महेंद्र जनोंदिया (वार्ड पार्षद) ने फर्जी वंशावली बना दिया था। जांच में यह भी पाया गया कि जिस संगीता कुमारी ने मनोज को पावर ऑफ अटॉर्नी दी थी, उस संगीता कुमारी ने 2015 में भी राजगढ़ थाना क्षेत्र में एक ऐसा ही कारनामा करते हुए एक अग्रवाल परिवाद की उत्तराधिकारी बनकर करीब एक करोड़ रुपए की जमीन को फर्जी तरीके से बेच रखा है। संगीता पेशेवर भू-माफिया है
इसको लेकर उनपर पहले भी मामला दर्ज है और उसका एक मामला हाई कोर्ट में अभी भी चल रहा है। इसके बाद राजेश ने बिना विलंब किए इस मामले की सूचना राजगढ़ थाना पुलिस को दी। इसके बाद पुलिस मामले की गंभीरता से जांच में जुट गई। इस पूरे मामले में यह स्पष्ट होता है कि संगीता पेशेवर भू-माफिया है और वह इस प्रकार के जमीन फर्जीवाड़ा में संलिप्त रहती है। राजस्थान की पुलिस संगीता को गिरफ्तार कर अपने साथ राजस्थान के राजगढ़ ले जा रही है। जहां से संभवतः इनके विरुद्ध अलग-अलग धाराओं के तहत मामला दर्ज करते हुए इन्हें न्यायायिक हिरासत में भेज दिया जाएगा। बताते चले कि संगीता के पति महावीर राजगढ़िया घर पर अकेले रहते हैं और वह काफी वृद्ध अवस्था में भी है। वही संगीता को कोई भी संतान नहीं है।

Spread the love

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here

Popular Articles