![]()
लातेहार में बेतला नाका के पास हुए सड़क हादसे में एक युवक की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि उसके दो साथी गंभीर रूप से घायल हो गए। मृतक की पहचान सरयू प्रखंड के गणेशपुर, चटम निवासी नारायण तुरी के रूप में हुई है। जानकारी के अनुसार, तीनों युवक एक ही मोटरसाइकिल पर सवार होकर बरवाडीह की ओर जा रहे थे। इसी दौरान बेतला नाका के पास उनकी बाइक अचानक अनियंत्रित हो गई और सड़क किनारे गिर पड़ी। हादसा इतना भीषण था कि नारायण तुरी ने घटनास्थल पर ही दम तोड़ दिया, जबकि अन्य दो युवक गंभीर रूप से घायल हो गए। छोटे भाई की शादी का कार्ड बांटने निकला था युवक बताया जा रहा है कि नारायण तुरी अपने छोटे भाई की शादी का निमंत्रण कार्ड बांटने के लिए निकला था। उसके छोटे भाई की शादी आगामी 7 मई को होनी थी, जिसे लेकर परिवार में उत्साह का माहौल था। लेकिन इस हादसे ने पूरे परिवार को गहरे सदमे में डाल दिया। घायलों की पहचान कमलेश तुरी और मनोज तुरी के रूप में हुई है। दोनों को दुर्घटना के तुरंत बाद बरवाडीह उप स्वास्थ्य केंद्र में प्राथमिक उपचार दिया गया। उनकी हालत गंभीर होने के कारण चिकित्सकों ने बेहतर इलाज के लिए उन्हें पलामू रेफर कर दिया। इधर, घटना की खबर मिलते ही गांव और आसपास के इलाकों में शोक की लहर दौड़ गई। एक ही बाइक पर थे तीनों युवक, नहीं पहना था हेलमेट घटना की सूचना मिलते ही बरवाडीह थाना पुलिस मौके पर पहुंची और स्थिति का जायजा लिया। पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमॉर्टम के लिए सदर अस्पताल भेज दिया है। थाना प्रभारी अनुराग कुमार ने घटना की पुष्टि करते हुए बताया कि प्रारंभिक जांच में सामने आया है कि तीनों युवक हेलमेट नहीं पहने हुए थे। जिससे चोटें अधिक गंभीर हो गईं। इसी वजह से जान भी गई।

