![]()
पश्चिमी सिंहभूम जिले के जगन्नाथपुर प्रखंड स्थित पट्टाजैन्त गांव में जंगली हाथियों के झुंड ने कई घरों को क्षतिग्रस्त कर दिया। हाथियों ने घरों में रखा अनाज भी खा लिया, जिससे ग्रामीणों में दहशत का माहौल है। जानकारी के मुताबिक, हाथियों के झुंड ने गांव में घुसकर कच्चे मकानों को निशाना बनाया। उन्होंने अंदर रखे धान और अन्य खाद्य सामग्री को भी नुकसान पहुंचाया। रायमुनी पूर्ति के घर से लगभग एक क्विंटल धान खा लिया गया, जबकि नवीन पूर्ति के घर को दो जगहों से तोड़ा गया। सुखराम पूर्ति के घर में रखे दो बोरा धान को भी हाथियों ने नष्ट कर दिया। नाली में गिरकर घायल हुई महिला हाथियों के अचानक हमले से ग्रामीणों में अफरातफरी मच गई। लोग अपनी जान बचाने के लिए घरों से बाहर भागे। रायमुनी पूर्ति ने बताया कि वह अपने दो छोटे बच्चों के साथ घर में थीं, लेकिन हाथियों की आवाज सुनकर बच्चों को लेकर सुरक्षित स्थान पर चली गईं। इस दौरान जींगी कुई नामक एक महिला भागते समय नाली में गिरकर घायल हो गईं, उन्हें अंदरूनी चोटें आई हैं। ग्रामीणों का कहना है कि हाथियों का गांव में लगातार आना अब सामान्य हो गया है, जिससे उनमें हमेशा भय बना रहता है। ग्रामीण रातभर जागकर अपनी सुरक्षा करने को मजबूर हैं। घटना की सूचना मिलने के बाद वन विभाग की टीम मौके पर पहुंची और नुकसान का आकलन शुरू किया। विभाग ने पीड़ितों से आवेदन लेकर आगे की कार्रवाई का आश्वासन दिया है। ग्रामीणों ने प्रशासन से मांग की है कि जंगली हाथियों के इस समस्या से राहत दिलाने के लिए ठोस कदम उठाए जाएं। उन्होंने पीड़ित परिवारों को जल्द मुआवजा और राहत सामग्री उपलब्ध कराने की भी अपील की है। गांव में फिलहाल दहशत का माहौल बना हुआ है।
