![]()
धनबाद जिले के बरोरा थाना क्षेत्र में शनिवार को हुई गोलीबारी की घटना में पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए दो आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया है। ग्रामीण एसपी एस मोहम्मद याकूब ने रविवार को प्रेसवार्ता में इसकी जानकारी दी। उन्होंने बताया कि पुरानी रंजिश के चलते बरोरा-डुमरा मुख्य मार्ग स्थित माथाबांध ग्राउंड के पास सुबह करीब 10 बजे रविंद्र चौहान पर हमला किया गया था। चार बाइक पर सवार करीब आठ युवकों ने उन पर अंधाधुंध फायरिंग की, जिसमें वह गंभीर रूप से घायल हो गए। उन्हें तत्काल अस्पताल में भर्ती कराया गया, जहां उनका इलाज चल रहा है। विशाल और अनीश चौहान गिरफ्तार पुलिस ने इस मामले में नामजद अभियुक्त विशाल चौहान और अनीश चौहान को छापेमारी कर गिरफ्तार किया है। ग्रामीण एसपी ने बताया कि दोनों का पहले से आपराधिक इतिहास रहा है। बरोरा थाना में इनके खिलाफ कई मामले दर्ज हैं। घटना के बाद घायल रविंद्र चौहान के बयान पर गौरव चौहान, अनीश चौहान, पवन यादव, विशाल चौहान, नीरज उर्फ मोटका सहित तीन अज्ञात लोगों के खिलाफ प्राथमिकी दर्ज की गई थी। पुलिस ने मामले को गंभीरता से लेते हुए त्वरित कार्रवाई की और दो आरोपियों को पकड़ने में सफलता हासिल की। अन्य आरोपियों की गिरफ्तारी के लिए छापेमारी जारी पुलिस का कहना है कि घटना में शामिल अन्य फरार आरोपियों की गिरफ्तारी के लिए लगातार छापेमारी की जा रही है। कई संभावित ठिकानों पर दबिश दी जा रही है। जल्द ही सभी आरोपियों को गिरफ्तार कर लेने का दावा किया गया है। मामले की जांच जारी है।

