![]()
पूर्णिया में नव विवाहिता की ससुराल में संदिग्ध परिस्थिति में फंदे से लटकती लाश मिली। करीब 2 महीने पहले ही युवती की शादी हुई थी। मृतका के परिजनों ने पति और ससुराल पक्ष पर दहेज प्रताड़ना में हत्या का आरोप लगाया है। घटना भवानीपुर थाना क्षेत्र के थाना क्षेत्र के दुर्गापुर गांव की है। घटना की सूचना मिलते ही भवानीपुर थाना की पुलिस मौके पर पहुंची। पुलिस और एफएसएल की टीम ने मौके से कई अहम साक्ष्य इकट्ठा किए हैं। मृतका की पहचान रघुनाथपुर पंचायत के वार्ड 6 निवासी दिलखुश पासवान की पत्नी ज्योति कुमारी के रूप में हुई है। होली से पहले हुई थी ज्योति की शादी घटना की जानकारी देते हुए मृतका ज्योति की मां वीणा देवी ने बताया कि होली से पहले बड़े ही धूमधाम से ज्योति कुमारी की शादी दिलखुश पासवान से हुई थी। मगर शादी के बाद ही दहेज की डिमांड शुरू हो गई। उससे मारपीट की जाने लगी। दहेज न देने पर घर से निकाल देने की धमकी दी जाने लगी। रोजाना की तरह रविवार देर शाम घर के लोग अपने-अपने काम में लगे हुए थे। इसी दौरान बेटी के ससुराल से कॉल आया। फोन कर दामाद ने घर बुलाया और बताया कि बेटी की तबियत बिगड़ गई है। ससुरालवालों ने कहा- दुपट्टे के सहारे फांसी लगाकर आत्महत्या की जैसे ही वे बेटी के ससुराल पहुंचे। छत के कमरे में ज्योति की बॉडी पड़ी थी। बॉडी को लेकर साफ प्रतीत होता है कि ये आत्महत्या नहीं बल्कि उसकी हत्या की गई है। वहीं मृतका के पति और ससुराल पक्ष के लोगों का कहना है कि ज्योति छत पर गई और दुपट्टे के सहारे फंदा लगाकर आत्महत्या कर ली। थानाध्यक्ष राजकुमार चौधरी ने बताया कि सूचना मिलते ही स्थानीय पुलिस और एफएसएल टीम मौके पर पहुंची। घटनास्थल से जरूरी साक्ष्य जुटाए गए हैं। पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है। पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद ही सच्चाई सामने आएगी। अभी तक किसी भी पक्ष की ओर से कोई लिखित शिकायत नहीं दी गई है। हर एंगल से मामले की जांच कर रही है।

