![]()
किशनगंज में कोचाधामन थाना क्षेत्र के कलकली गांव की खुशबू रानी नामक महिला ने सोमवार को पुलिस अधीक्षक को आवेदन सौंपकर केस वापस लेने की धमकी मिलने का आरोप लगाया है। महिला ने अपने परिवार के साथ एसपी कार्यालय पहुंचकर पूरे मामले की जानकारी दी और सुरक्षा तथा उचित कार्रवाई की मांग की। दिए गए आवेदन में महिला ने बताया कि कोचाधामन थाना में कांड संख्या 230/26 दर्ज होने के बाद से आरोपी पक्ष के पहचान वाले लगातार दबाव बना रहे हैं। आरोप है कि आरोपी की ओर से कोचाधामन थाना क्षेत्र के रफीक आलम नामक व्यक्ति उन्हें केस उठाने और समझौता करने के लिए धमकी दे रहे हैं। पीड़ित पक्ष का कहना है कि उन्हें बार-बार फोन और व्यक्तिगत रूप से संपर्क कर मामला वापस लेने को कहा जा रहा है, अन्यथा गंभीर परिणाम भुगतने की चेतावनी दी जा रही है। परिवार भय के माहौल में जीने को मजबूर
महिला ने अपनी शिकायत में कहा कि इन धमकियों के कारण उसका परिवार भय के माहौल में जीने को मजबूर है। उन्हें घर से बाहर निकलने में भी डर लग रहा है और किसी अनहोनी की आशंका बनी हुई है। पीड़िता ने पुलिस अधीक्षक से सुरक्षा उपलब्ध कराने के साथ-साथ आरोपियों के खिलाफ कड़ी कार्रवाई करने की मांग की है, ताकि उन्हें न्याय मिल सके। पुलिस अधीक्षक संतोष कुमार ने मामले को गंभीरता से लेते हुए महिला का आवेदन प्राप्त किया और जांच कर आवश्यक कार्रवाई का आश्वासन दिया। दोनों पक्षों से पूछताछ की संभावना जताई जा रही
उन्होंने स्पष्ट किया कि यदि किसी भी पक्ष द्वारा दबाव बनाने या धमकी देने की बात सामने आती है तो कानूनी प्रावधानों के तहत सख्त कार्रवाई की जाएगी। संबंधित थाना को भी मामले की जांच कर रिपोर्ट देने का निर्देश दिया गया है। पीड़ित महिला ने न्याय की गुहार लगाते हुए प्रशासन पर पूरा भरोसा जताया है। उनका मानना है कि दोषियों के खिलाफ कार्रवाई होने से उनके परिवार को राहत मिलेगी। पुलिस अब पूरे मामले की जांच में जुट गई है और दोनों पक्षों से पूछताछ की संभावना जताई जा रही है।


