![]()
एनाम खान | गढ़वा देशभर में सिंगल यूज प्लास्टिक पर प्रतिबंध होने के बावजूद गढ़वा नगर परिषद क्षेत्र में इसका खुलेआम उपयोग जारी है। बाजारों, होटलों, ठेला-खोमचा और किराना दुकानों में प्रतिबंधित प्लास्टिक कैरी बैग, कप, प्लेट और थर्मोकोल उत्पाद धड़ल्ले से इस्तेमाल किए जा रहे हैं। नगर परिषद की ओर से ठोस कार्रवाई नहीं होने के कारण लोगों में नियमों का डर नजर नहीं आ रहा है। मुख्य बाजार, पुरानी बाजार, रंका मोड़ और आसपास के इलाकों में दुकानदार ग्राहकों को बिना किसी हिचक के प्लास्टिक बैग में सामान दे रहे हैं। कई जगहों पर 50 माइक्रोन से कम मोटाई वाले प्रतिबंधित प्लास्टिक कैरी बैग का उपयोग किया जा रहा है, जो पर्यावरण के लिए अत्यंत हानिकारक है। होटल और फास्ट फूड की दुकानों में भी प्लास्टिक प्लेट और गिलास का प्रयोग आम बात हो गई है। नगर परिषद ने पिछले 29 नवंबर 2025 और नौ जनवरी 2026 को सिंगल यूज प्लास्टिक के विरुद्ध छापेमारी अभियान चलाया था। इस दौरान 29 नवंबर को 19 किलो जबकि नौ जनवरी को पांच किलो प्लास्टिक जब्त करने के साथ ही छह हजार रुपए जुर्माना वसूला गया था। नियमों के अनुसार सिंगल यूज प्लास्टिक के उत्पादन, भंडारण, वितरण और उपयोग पर जुर्माना का प्रावधान है। 29 नवंबर 2025 और नौ जनवरी 2026 को चलाया था छापेमारी अभियान इस संबंध में नगर परिषद के कार्यपालक पदाधिकारी सुशील कुमार ने कहा कि सिंगल यूज प्लास्टिक के विरुद्ध समय-समय पर छापेमारी अभियान चलाया जाता है। बावजूद इसके लोग सिंगल यूज प्लास्टिक का उपयोग कर रहे हैं। ऐसे लोगों के विरुद्ध छापेमारी अभियान चलाया जाएगा। वहीं पकड़े जाने पर कठोर कार्रवाई की जाएगी।


