Thursday, April 30, 2026

Top 5 This Week

Related Posts

सीवान में शादी में फायरिंग:ड्रोन से शूट कर रहे फोटोग्राफर को गोली, गंभीर हालत में पटना रेफर, हमलावर फरार


सीवान के जीबी नगर थाना क्षेत्र के डीके सारंगपुर गांव में गुरुवार की शाम उस समय अफरा-तफरी मच गई, जब एक शादी समारोह के दौरान ड्रोन कैमरे से शूटिंग कर रहे फोटोग्राफर को अपराधियों ने गोली मार दी। इस सनसनीखेज वारदात के बाद पूरे इलाके में दहशत का माहौल है। घटना बारात निकलने के दौरान हुई, जब बड़ी संख्या में लोग समारोह में मौजूद थे। घायल फोटोग्राफर की पहचान मुफ्फसिल थाना क्षेत्र के बरहन गोपाल गांव निवासी बंधु प्रसाद के पुत्र नीतीश कुमार के रूप में हुई है। बताया जाता है कि नीतीश “एस एन स्टूडियो” के नाम से फोटोग्राफी का काम करता है और शादी समारोहों में वीडियो शूटिंग एवं ड्रोन कैमरे से कवरेज करता है।
प्राप्त जानकारी के अनुसार, गुरुवार शाम डीके सारंगपुर गांव में बारात निकल रही थी। इसी दौरान नीतीश ड्रोन कैमरे के माध्यम से बारात की शूटिंग कर रहा था। तभी एक बाइक पर सवार तीन बदमाश मौके पर पहुंचे और अचानक उसे निशाना बनाकर गोली चला दी। गोली लगते ही नीतीश गंभीर रूप से घायल होकर मौके पर गिर पड़ा। घटना को अंजाम देने के बाद सभी हमलावर तेजी से फरार हो गए। गोली चलने की आवाज सुनते ही बारात में अफरा-तफरी मच गई। शादी समारोह में शामिल लोग इधर-उधर भागने लगे। स्थानीय ग्रामीणों और परिजनों ने तत्परता दिखाते हुए घायल नीतीश को तुरंत सीवान सदर अस्पताल पहुंचाया, जहां प्राथमिक उपचार के बाद डॉक्टरों ने उसकी गंभीर स्थिति को देखते हुए बेहतर इलाज के लिए पीएमसीएच पटना रेफर कर दिया। सूत्रों के मुताबिक, बारात के दौरान कुछ लोगों के बीच पहले किसी बात को लेकर विवाद हुआ था। आशंका जताई जा रही है कि उसी विवाद के बाद इस वारदात को अंजाम दिया गया। हालांकि, अभी तक गोलीबारी के पीछे की असली वजह स्पष्ट नहीं हो सकी है। घटना की सूचना मिलते ही जीबी नगर थाना पुलिस मौके पर पहुंची और जांच शुरू कर दी। मामले को गंभीरता से लेते हुए एफएसएल टीम को भी बुलाया गया है, ताकि घटनास्थल से वैज्ञानिक साक्ष्य जुटाए जा सकें। इस संबंध में जीबी नगर थाना प्रभारी राजेश कुमार सिंह ने बताया कि घटना की जानकारी मिलते ही पुलिस टीम मौके पर पहुंच गई है। उन्होंने कहा कि मामले की हर पहलू से जांच की जा रही है। अभी तक गोली मारने के कारणों का स्पष्ट पता नहीं चल सका है। पुलिस आरोपियों की पहचान कर उनकी गिरफ्तारी के लिए लगातार छापेमारी कर रही है। घटना के बाद गांव में तनावपूर्ण माहौल बना हुआ है।

Spread the love

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here

Popular Articles