गुमला|भीषण गर्मी को देखते हुए जिला उपभोक्ता विवाद निवारण आयोग, गुमला परिसर में एक नई शीतल पनशाला की शुरुआत की गई है। इस पनशाला का उद्घाटन उपभोक्ता फोरम के अध्यक्ष ओमप्रकाश पांडेय ने किया। उद्घाटन के अवसर पर अध्यक्ष ओमप्रकाश पांडेय ने कहा कि गर्मी के मौसम में फोरम आने वाले अधिवक्ताओं, वादों और आम उपभोक्ताओं को पीने के पानी की किल्लत का सामना करना पड़ता है। इसी समस्या को दूर करने के उद्देश्य से यह पनशाला खोली गई है। यहां न केवल शीतल पेयजल, बल्कि चना और गुड़ की भी निशुल्क व्यवस्था की गई है। अध्यक्ष ने कहा कि बाजार में बिकने वाला चिल्ड वाटर (फ्रिज का पानी) स्वास्थ्य के लिए हानिकारक हो सकता है, जबकि घड़े का पानी प्राकृतिक रूप से शीतल और स्वास्थ्यवर्धक होता है। उन्होंने अपने संबंधित अनुदेशकों को स्पष्ट निर्देश दिए हैं कि पनशाला में पेयजल, चना और गुड़ की उपलब्धता में किसी भी प्रकार की कमी न आए, ताकि आने वाले लोगों को निरंतर राहत मिलती रहे। इस अवसर पर उपभोक्ता फोरम के सदस्यों के साथ-साथ कई अधिवक्तागण उपस्थित थे।

