नदी के पानी में ऑक्सीजन की पायी गयी भारी कमी
Jamshedpur News :
स्वर्णरेखा नदी में बड़ी संख्या में मछलियों की मौत के बाद झारखंड राज्य प्रदूषण नियंत्रण बोर्ड की टीम ने सोमवार को डोबो पुल के नीचे और आसपास के इलाके में जल की स्थिति की जांच की. प्रदूषण बोर्ड के पदाधिकारी जीतेंद्र सिंह के निर्देश पर जूनियर पर्यावरण अभियंता अनिल सक्सेना के नेतृत्व में टीम ने नदी के दो अलग-अलग स्थानों से पानी के नमूने एकत्र किये.दोपहर में इसकी सैंपलिंग की गयी. नदी की स्थिति बदतर थी और पानी से दुर्गंध आ रहा था. वहां नाले जैसी स्थिति थी. प्रारंभिक जांच में घुलित ऑक्सीजन (डीओ) का स्तर 4 मिलीग्राम प्रति लीटर से भी कम पाया गया, जबकि सामान्य स्थिति में यह 6 से 8 मिलीग्राम प्रति लीटर होना चाहिए.अधिकारियों के अनुसार, कम ऑक्सीजन स्तर ही मछलियों की मौत का मुख्य कारण प्रतीत हो रहा है. हालांकि, अन्य मानकों की भी जांच की जा रही है और विस्तृत रिपोर्ट मंगलवार तक आने की संभावना है.
जूनियर इंजीनियर अनिल सक्सेना ने बताया कि सभी नमूनों की लैब में विस्तृत जांच करायी जायेगी. वहीं, प्रदूषण पदाधिकारी जीतेंद्र सिंह ने कहा कि पानी में ऑक्सीजन की कमी गंभीर चिंता का विषय है. इसके कारणों की गहन जांच की जा रही है और स्थिति सुधारने के लिए आवश्यक कदम उठाये जायेंगे.The post Jamshedpur News : प्रदूषण बोर्ड की जांच में स्वर्णरेखा नदी में मछलियों की मौत का ये कारण आया सामने appeared first on Prabhat Khabar.


