![]()
जमुई के चकाई प्रखंड स्थित नवीन प्राथमिक विद्यालय, चहबच्चा में शिक्षा व्यवस्था में गंभीर अनियमितताओं का मामला सामने आया है। गुरुवार को सोशल मीडिया पर एक वीडियो तेजी से वायरल हुआ, जिसमें ग्रामीण एक शिक्षिका द्वारा फोटो के माध्यम से उपस्थिति दर्ज किए जाने पर नाराजगी व्यक्त करते दिखे। ग्रामीणों ने आरोप लगाया है कि विद्यालय की शिक्षिका प्रेमलता कुमारी पिछले दो महीनों से स्कूल नहीं आ रही थीं, लेकिन इसके बावजूद फोटो के जरिए उनकी उपस्थिति दर्ज की जा रही थी। वायरल वीडियो में ग्रामीण यह कहते हुए सुने जा सकते हैं कि यदि अटेंडेंस रजिस्टर पर उपस्थिति बनाई गई तो सभी संबंधित शिक्षक कार्रवाई के दायरे में आएंगे। व्हाट्सएप के माध्यम से एक आवेदन भेजा इस मामले ने शिक्षा विभाग की कार्यशैली पर भी सवाल खड़े कर दिए हैं। अखिल भारतीय विद्यार्थी परिषद (एबीवीपी) के एसएफएस जिला सह संयोजक सौरभ पासवान ने प्रखंड शिक्षा पदाधिकारी, चकाई और जिला शिक्षा पदाधिकारी (डीईओ) को व्हाट्सएप के माध्यम से एक आवेदन भेजा है। आवेदन में विद्यालय में लंबे समय से मध्याह्न भोजन (एमडीएम) बंद रहने, शिक्षकों की लापरवाही और पठन-पाठन बाधित होने की शिकायत की गई है। इसमें बताया गया है कि विद्यालय में नामांकित अधिकांश बच्चे अनुसूचित जाति समुदाय से आते हैं, जिनकी पढ़ाई कई महीनों से प्रभावित हो रही है। ”बच्चों की शिक्षा पूरी तरह से बाधित हो रही” आरोप है कि शिक्षक ऑनलाइन उपस्थिति दर्ज कर विद्यालय बंद कर चले जाते हैं, जिससे बच्चों की शिक्षा पूरी तरह से बाधित हो रही है। आवेदन में शिक्षिका प्रेमलता कुमारी पर लगातार अनुपस्थित रहने और प्रभारी प्रधानाध्यापक सुबोध पासवान पर विद्यालय की जिम्मेदारियों की अनदेखी कर निजी कार्यों एवं ठेकेदारी में व्यस्त रहने का भी आरोप लगाया गया है। संगठन की ओर से विद्यालय से संबंधित सभी दस्तावेजों और गतिविधियों की निष्पक्ष जांच की मांग की गई है। मामले पर प्रभारी शिक्षक सुबोध पासवान से संपर्क करने की कोशिश की गई, लेकिन उन्होंने जनगणना ड्यूटी में व्यस्त होने की बात कहकर कॉल डिस्कनेक्ट कर दिया। वहीं डीईओ दया शंकर ने बताया कि शिक्षिका प्रेमलता कुमारी पहले से ही इसी मामले में निलंबित हैं। उन्होंने कहा कि विद्यालय में एमडीएम बंद रहने और शिक्षकों के अनुपस्थित रहने की शिकायत मिली है, जिसकी जांच कर उचित कार्रवाई की जाएगी।


