Friday, May 8, 2026

Top 5 This Week

Related Posts

कपाली में पुलिस ने 16 लाख के ब्राउन शुगर के साथ तीन को किया गिरफ्तार


भास्कर न्यूज| सरायकेला सरायकेला-खरसावां जिले में नशीले पदार्थों के खिलाफ चलाए जा रहे अभियान के तहत सरायकेला-खरसावां पुलिस को बड़ी सफलता हाथ लगी है। कपाली ओपी क्षेत्र के बंधुगोड़ा में छापेमारी कर पुलिस ने करीब 16.50 लाख रुपए का ब्राउन शुगर बरामद की है। कार्रवाई के दौरान तीन आरोपियों को गिरफ्तार किया गया। गुरुवार को आयोजित प्रेस वार्ता में पुलिस अधीक्षक निधि द्विवेदी ने बताया कि 6 मई को पुलिस को गुप्त सूचना मिली थी कि बंधुगोड़ा स्थित इम्तियाज खान के मकान में अवैध रूप से ब्राउन शुगर की खरीद-बिक्री की जा रही है। सूचना के सत्यापन के बाद एक विशेष टीम गठित कर छापेमारी की गई। छापेमारी के दौरान पुलिस ने 679 पुड़िया ब्राउन शुगर बरामद की, जिसका कुल वजन 82.80 ग्राम है। बरामद मादक पदार्थ की अनुमानित कीमत करीब 16,50,000 रुपए आंकी गई है। पुलिस ने मौके से महाराज अली, असगर अली एवं शबनम प्रवीन को गिरफ्तार किया। तीनों आरोपी इम्तियाज खान के मकान में किराए पर रह रहे थे। एसपी ने बताया कि जिलेभर में नशा के खिलाफ महा अभियान चलाया जा रहा है। इसके तहत ब्राउन शुगर, गांजा और अन्य मादक पदार्थों के कारोबारियों पर सख्त कार्रवाई की जा रही है। वहीं दूसरी ओर नशे की लत से जूझ रहे लोगों को जागरूक और प्रेरित करने के लिए मोटिवेशन कार्यक्रम आयोजित किए जा रहे हैं। एसपी ने बताया कि गिरफ्तार आरोपी महाराज अली के खिलाफ पूर्व से भी कई आपराधिक मामले दर्ज हैं तथा वह आरआईटी थाना के एक मामले में फरार चल रहा था। पुलिस ने सभी आरोपियों की बायोमैट्रिक एवं फिंगरप्रिंटिंग प्रक्रिया पूरी कर न्यायिक हिरासत में भेज दिया है। वहीं इस नेटवर्क से जुड़े अन्य लोगों की तलाश में पुलिस लगातार छापेमारी कर रही है। जिले में बढ़ती नशाखोरी पर अंकुश लगाने के लिए सरायकेला-खरसावां पुलिस ने व्यापक अभियान शुरू किया है। पुलिस अधीक्षक निधि द्विवेदी ने कहा कि जिला पुलिस केवल अवैध नशीले पदार्थों की तस्करी रोकने के लिए छापेमारी अभियान ही नहीं चला रही है, बल्कि नशा करने वाले लोगों को मुख्यधारा में लौटाने की दिशा में भी लगातार प्रयास कर रही है।

Spread the love

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here

Popular Articles