![]()
दरभंगा में शादी समारोह में हंगामा और पिस्टल लहराने का मामला सामने आया है। प्रत्यक्षदर्शियों के मुताबिक 6 से 7 युवक नशे की हालत में थे। हथियार के बल पर बारातियों के साथ-साथ राहगीरों को भी परेशान किया। जानकारी के अनुसार, 8 मई की रात छोटकी लाधा मोड़ के पास शादी समारोह चल रहा था। इसी दौरान सभी युवक जबरन समारोह में घुस गए। डीजे के सामने पहुंचकर पिस्टल लहराते हुए डांस करने लगे। महिलाओं और बच्चों को भी परेशान किया। कुछ देर तक माहौल तनावपूर्ण बना रहा। सूचना मिलते ही डायल 112 की पुलिस टीम मौके पर पहुंची। हथियार की बरामदगी नहीं वहीं, इस संबंध में कमतौल थाना प्रभारी संजीव कुमार चौधरी ने बताया कि तीन आरोपियों को हिरासत में लिया गया है। अभी तक किसी पक्ष की ओर से लिखित शिकायत नहीं दी गई है। पकड़े गए युवकों के पास से कोई हथियार बरामद नहीं हुआ है, लेकिन वायरल वीडियो की जांच की जा रही है। आवेदन मिलने और जांच पूरी होने के बाद आगे की कानूनी कार्रवाई की जाएगी। लोगों ने जताई नाराजगी वीडियो सामने आने के बाद इलाके में कानून-व्यवस्था को लेकर चर्चा तेज हो गई है। स्थानीय लोगों का कहना है कि शादी समारोह जैसे सार्वजनिक आयोजनों में इस तरह खुलेआम हथियार लहराना पुलिस गश्ती और सुरक्षा व्यवस्था पर सवाल खड़े करता है। घटना को लेकर आसपास के लोगों में आक्रोश है। गिरफ्तारी के लिए छापेमारी एसडीपीओ शुभेन्द्र कुमार सुमन ने बताया कि छोटकी लाधा गांव में अरुण कुमार महतो की बेटी की शादी थी। बेनीबाद से बारात आई थी। हाथ में पिस्टल लेकर कुछ युवकों का डांस करते हुए वीडियो सामने आया है। आरोपियों की गिरफ्तारी के लिए छापेमारी की जा रही है।


