Wednesday, May 13, 2026

Top 5 This Week

Related Posts

Muzaffarpur News: एलएस कॉलेज गेट पर हड़कंप, नारियल के पैसे मांगे तो दबंग ने दाब से काट दी दुकानदार की उंगली

Muzaffarpur News: एलएस कॉलेज गेट पर हड़कंप, नारियल के पैसे मांगे तो दबंग ने दाब से काट दी दुकानदार की उंगली

Muzaffarpur News: शहर के सबसे प्रतिष्ठित लंगट सिंह (एलएस) कॉलेज गेट के पास बुधवार को महज कुछ रुपयों के विवाद में खूनी खेल खेला गया. एक सिरफिरे युवक ने नारियल दुकानदार रतन कुमार पर जानलेवा हमला कर दिया. आरोपी ने नारियल काटने वाले दाब (तेज धारदार हथियार) से वार कर दुकानदार की उंगली शरीर से अलग कर दी. इस दुस्साहसिक घटना के बाद कॉलेज परिसर और आसपास के फुटपाथी दुकानदारों में भारी आक्रोश और दहशत का माहौल है.

पैसे मांगने पर भड़का युवक, गाली-गलौज से शुरू हुआ विवाद

जानकारी के अनुसार, काजीमोहम्मदपुर थाना क्षेत्र स्थित एलएस कॉलेज गेट के समीप रोज की तरह नारियल की दुकानें सजी थीं. बुधवार सुबह एक युवक दुकान पर पहुंचा और नारियल पानी पिया. पानी पीने के बाद जब वह बिना पैसे दिए चुपचाप जाने लगा, तो दुकानदार रतन ने उसे टोकते हुए पैसे की मांग की. पैसे मांगना युवक को इतना नागवार गुजरा कि वह आगबबूला हो गया और सरेराह दुकानदार के साथ भद्दी-भद्दी गालियाँ देने लगा.

जान बचाने की कोशिश में कटी उंगली

स्थानीय प्रत्यक्षदर्शियों ने बताया कि विवाद देखते ही देखते हिंसक हो गया. युवक ने अपना आपा खो दिया और दुकान के ठेले पर रखा नारियल काटने वाला तेज धारदार दाब उठा लिया. आरोपी ने दुकानदार के सिर को निशाना बनाकर वार किया. रतन ने खुद को बचाने के लिए जैसे ही अपना हाथ सिर के आगे किया, दाब सीधे उसकी उंगली पर जा लगा. वार इतना जोरदार था कि उंगली बुरी तरह कटकर अलग हो गई और दुकानदार लहूलुहान होकर जमीन पर गिर पड़ा.

आरोपी फरार, सीसीटीवी खंगाल रही पुलिस

वारदात को अंजाम देने के बाद हमलावर युवक मौके से भागने में सफल रहा. आसपास के दुकानदारों और राहगीरों ने तुरंत जख्मी रतन को उठाया और इलाज के लिए सदर अस्पताल पहुँचाया. फिलहाल पीड़ित का उपचार चल रहा है. घटना की सूचना मिलते ही काजीमोहम्मदपुर थाने की पुलिस सक्रिय हो गई है. पुलिस घटनास्थल के आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों के फुटेज खंगाल रही है ताकि हमलावर की पहचान कर उसे जल्द गिरफ्तार किया जा सके. पीड़ित ने थाने में लिखित शिकायत दर्ज कराई है.

मुजफ्फरपुर से चंदन सिंह की रिपोर्ट

The post Muzaffarpur News: एलएस कॉलेज गेट पर हड़कंप, नारियल के पैसे मांगे तो दबंग ने दाब से काट दी दुकानदार की उंगली appeared first on Prabhat Khabar.

Spread the love

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here

Popular Articles