मुंगेर और जमालपुर में पाइप्ड नेचुरल गैस (पीएनजी) परियोजना का कार्य तेजी से जारी है। इंडियन ऑयल कॉर्पोरेशन लिमिटेड (आईओसीएल) द्वारा अब तक 5570 घरों में पीएनजी कनेक्शन दिए गए हैं, लेकिन इनमें से केवल 3569 घरों में ही गैस आपूर्ति शुरू हो पाई है। बड़ी संख्या में कनेक्शन होने के बावजूद आपूर्ति शुरू न होना एक चुनौती बनी हुई है। 31 वार्डों में कनेक्शन पहुंचाने का कार्य प्रगति पर परियोजना के तहत, लगभग 230 किलोमीटर मुख्य पाइपलाइन और 55 किलोमीटर सर्विस पाइपलाइन बिछाई जा चुकी है। मुंगेर नगर निगम के 45 वार्डों में से 26 में पाइपलाइन बिछाने का काम पूरा हो गया है, जबकि जमालपुर के 31 वार्डों में भी कनेक्शन पहुंचाने का कार्य प्रगति पर है। आईओसीएल के अधिकारियों के अनुसार, कई उपभोक्ता कनेक्शन लेने के बाद भी गैस आपूर्ति शुरू कराने के लिए सहमति नहीं दे रहे हैं। इसका मुख्य कारण आर्थिक परेशानी बताया जा रहा है। कई परिवारों का कहना है कि एकमुश्त राशि जमा करना उनके लिए फिलहाल संभव नहीं है और वे आर्थिक स्थिति बेहतर होने पर कनेक्शन चालू करवाएंगे। कनेक्शन न मिलने की शिकायत की दूसरी ओर, कई ऐसे उपभोक्ता भी हैं जिन्होंने आवेदन करने के बावजूद अब तक कनेक्शन न मिलने की शिकायत की है। उनका कहना है कि उनके मोहल्लों में पाइपलाइन बिछ चुकी है, लेकिन एजेंसी द्वारा गैस आपूर्ति शुरू नहीं की जा रही है। इस वजह से उन्हें अभी भी एलपीजी सिलेंडरों पर निर्भर रहना पड़ रहा है, जिससे परेशानी हो रही है। आईओसीएल की टीम घर-घर जाकर लोगों को पीएनजी के फायदे बता रही है। अधिकारियों के मुताबिक पीएनजी एलपीजी की तुलना में अधिक सुरक्षित, सुविधाजनक और किफायती है। कई परिवारों ने गैस सप्लाई शुरू होने के बाद इसे राहत भरा कदम बताया है। उनका कहना है कि पीएनजी से रसोई का काम आसान हुआ है और सिलेंडर खत्म होने की चिंता भी खत्म हो गई है। जिला प्रशासन ने कंपनी अधिकारियों को हर घर तक पीएनजी पहुंचाने का निर्देश दिया है। आईओसीएल का दावा है कि फेज वाइज सभी घरों को जोड़ा जाएगा। इसके लिए 59 टीमें लगातार काम कर रही हैं और लास्ट माइल कनेक्टिविटी पर विशेष जोर दिया जा रहा है। अब लोगों की नजर इस बात पर टिकी है कि पाइप लाइन बिछने के बाद आखिर कब हर घर में पीएनजी से चूल्हा जलेगा और एलपीजी की किल्लत से पूरी तरह राहत मिलेगी। टीम घर-घर जाकर पीएनजी के फायदे बता रही
आईओसीएल कंपनी के जियोग्राफिकल एरिया इंचार्ज विकास कुमार तोला ने बताया कि कई उपभोक्ता कनेक्शन लेने के बाद भी गैस आपूर्ति शुरू कराने के लिए सहमति नहीं दे रहे हैं। अधिकारियों की टीम घर-घर जाकर लोगों को पीएनजी के फायदे बता रही है और जल्द कनेक्शन चालू कराने की अपील कर रही है।


