![]()
खगड़िया में गुरुवार दोपहर रोड एक्सीडेंट में 3 लोगों की मौत हुई है। घटना पसराहा थाना क्षेत्र में नेशनल हाईवे (NH) – 31 बंधु पेट्रोल पंप के पास हुई। ट्रक और कार की आमने-सामने टक्कर हुई, वहीं ट्रक के पीछे चल रही बाइक ट्रक के अचानक ब्रेक लगने से उसमें पीछे से टकरा गई। इस घटना में एक शिक्षिका सहित 3 लोगों की मौत हो गई, जबकि एक युवक गंभीर रूप से घायल है। मृतकों की पहचान परबत्ता प्रखंड के खीराडीह पंचायत वार्ड संख्या-3 निवासी शिक्षिका कुमारी रूबी (34), नवगछिया के साहू परबत्ता निवासी नीतीश कुमार (38) और झंझड़ा निवासी कार ड्राइवर विकास कुमार (35) के रूप में हुई है। हादसे में घायल सोनू कुमार का इलाज खगड़िया सदर अस्पताल में चल रहा है। घटना से जुड़ी तस्वीरें देखिए…. अब जानें पूरी घटना…. बाइक ड्राइवर की मौके पर ही मौत प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार, NH-31 पर तेज रफ्तार ट्रक और कार के बीच आमने-सामने की टक्कर हुई। टक्कर इतनी भीषण थी कि चार बुरी तरह क्षतिग्रस्त हो गई। इसी दौरान पीछे से आ रही एक बाइक बेकाबू होकर ट्रक से जा टकराई। इस हादसे में बाइक ड्राइवर नीतीश कुमार की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि पीछे बैठे सोनू कुमार गंभीर रूप से घायल हो गए। बोलेरो में सवार शिक्षिका कुमारी रूबी और चालक विकास कुमार भी गंभीर रूप से जख्मी हुए। स्थानीय लोगों ने तुरंत राहत-बचाव कार्य शुरू किया और पुलिस की मदद से सभी घायलों को अनुमंडलीय अस्पताल गोगरी पहुंचाया। इलाज के लिए अस्पताल ले जाते समय मौत गोगरी अस्पताल में इलाज के दौरान शिक्षिका कुमारी रूबी ने दम तोड़ दिया। गंभीर रूप से घायल चालक विकास कुमार को सदर अस्पताल खगड़िया रेफर किया गया, लेकिन रास्ते में ही उनकी भी मौत हो गई। घटना की सूचना मिलते ही पसराहा थानाध्यक्ष नवीन कुमार और अपर थानाध्यक्ष रिशु कुमार पुलिस बल के साथ मौके पर पहुंचे। उन्होंने दुर्घटनास्थल को अपने कब्जे में लेकर यातायात बहाल कराया। पुलिस ने तीनों शवों को पोस्टमार्टम के लिए सदर अस्पताल खगड़िया भेज दिया है और मामले की जांच शुरू कर दी है। 4 बच्चों की मां थी टीचर मृतक शिक्षिका कुमारी रूबी मध्य विद्यालय मंडल टोला चकरामी, नारायणपुर में कार्यरत थीं। विक्रमशिला पुल क्षतिग्रस्त रहने के कारण वह ससुराल से ही विद्यालय जाया करती थीं। उनके पति भारतीय थल सेना में कार्यरत हैं। शिक्षिका अपने पीछे 2 बेटे और 2 बेटियों को छोड़ गई हैं। उनका मायका सलारपुर गांव में बताया जा रहा है। इधर, घटना की खबर मिलते ही मृतकों के घरों में कोहराम मच गया। परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल है। वहीं पूरे इलाके में शोक की लहर दौड़ गई है। स्थानीय लोगों ने NH-31 पर लगातार हो रही सड़क दुर्घटनाओं पर चिंता जताते हुए प्रशासन से सुरक्षा व्यवस्था मजबूत करने की मांग की है।

