Friday, May 15, 2026

Top 5 This Week

Related Posts

गिरिडीह में विवाहिता की संदिग्ध अवस्था में मौत:तीन बच्चों की मां का शव कमरे में मिला, दहेज हत्या का आरोप; पति हिरासत में


गिरिडीह जिले के तिसरी थाना क्षेत्र अंतर्गत भंडारी पंचायत के गादी गांव में शुक्रवार को एक विवाहिता की संदिग्ध परिस्थितियों में मौत हो गई। मृतका की पहचान 26 वर्षीय काजल कुमारी के रूप में हुई है, जो संदीप मोदी (अग्रवाल) की पत्नी थीं। मायके पक्ष ने दहेज के लिए हत्या का आरोप लगाया है। पुलिस ने पति संदीप मोदी को हिरासत में लेकर पूछताछ शुरू कर दी है। काजल कुमारी की शादी वर्ष 2019 में हुई थी। शुक्रवार को उसका शव घर के कमरे में बिस्तर पर पड़ा मिला। घटना की सूचना मिलते ही मायके पक्ष के लोग मौके पर पहुंचे और हंगामा किया। परिजनों का आरोप है कि काजल को लंबे समय से दहेज के लिए प्रताड़ित किया जा रहा था। घटना के बाद पति को छोड़कर ससुराल पक्ष के अन्य सदस्य घर छोड़कर फरार बताए जा रहे हैं। पति-पत्नी के बीच अक्सर विवाद होता रहता था मृतका की बहन मोदिता ने बताया कि उन्हें फोन पर काजल की मौत की सूचना मिली थी। जब वे ससुराल पहुंचे, तो काजल मृत अवस्था में थीं। मोदिता ने आरोप लगाया कि पति-पत्नी के बीच अक्सर विवाद होता रहता था। परिजनों के अनुसार, मृतका के पति का किसी अन्य महिला से संबंध था और इसी बात को लेकर घर में अक्सर झगड़े होते थे। परिजनों ने आशंका जताई है कि इसी कारण काजल की हत्या की गई है। काजल अपने पीछे तीन छोटे बच्चों को छोड़ गई है। मृतका के भाई कुंदन कुमार ने बताया कि घटना से पहले फोन कर डेढ़ लाख रुपए नगद और एक बुलेट की मांग की गई थी। उन्होंने आरोप लगाया कि दहेज की मांग पूरी नहीं होने पर उनकी बहन को लगातार प्रताड़ित किया जाता था। मायके पक्ष ने शव को पोस्टमॉर्टम के लिए भेजने का विरोध किया इधर, मृतका के पति संदीप मोदी ने पुलिस को बताया कि घटना के समय वह घर से बाहर गए हुए थे और उन्हें मामले की जानकारी नहीं है। पुलिस मामले की जांच कर रही है। घटना की सूचना मिलने पर तिसरी थाना प्रभारी प्रभुनंद ईश्वर पुलिस बल के साथ मौके पर पहुंचे। शुरुआत में मायके पक्ष के लोग शव को पोस्टमॉर्टम के लिए भेजने का विरोध कर रहे थे, लेकिन पुलिस द्वारा निष्पक्ष जांच और दोषियों पर कार्रवाई का आश्वासन दिए जाने के बाद परिजन शांत हुए। इसके बाद शव को पोस्टमॉर्टम के लिए गिरिडीह सदर अस्पताल भेजा गया।

Spread the love

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here

Popular Articles