![]()
सुपौल समाहरणालय स्थित लहटन चौधरी सभागार में सोमवार को मुख्यमंत्री महिला रोजगार योजना के तहत राज्यव्यापी अंतरण कार्यक्रम का आयोजन किया गया। पटना से मुख्यमंत्री नीतीश कुमार ने योजना के अंतर्गत राज्य की 25 लाख महिला लाभुकों के खातों में ₹10,000 प्रति लाभुक की दर से कुल ₹2500 करोड़ की राशि अंतरण किया। इस ऐतिहासिक कार्यक्रम का सीधा प्रसारण जिला स्तरीय कार्यक्रम के माध्यम से किया गया। सुपौल में आयोजित कार्यक्रम के दौरान कुल 1,54,653 जीविका दीदियों को ₹154 करोड़ 65 लाख 30 हजार की राशि हस्तांतरित की गई। वहीं अब तक जिले में 5 लाख से अधिक परिवारों को ₹10,000 प्रति लाभुक की दर से ₹500 करोड़ से अधिक की राशि का सफलतापूर्वक अंतरण किया जा चुका है। कार्यक्रम में बड़ी संख्या में जीविका समूहों से जुड़ी महिलाओं की भागीदारी रही और पूरे जिले में उत्साह का माहौल देखा गया। स्वरोजगार और छोटे व्यवसाय शुरू करने का आह्वान इस अवसर पर डीएम सावन कुमार एवं उप विकास आयुक्त सारा अशरफ ने योजना से लाभान्वित महिलाओं को बधाई देते हुए कहा कि मुख्यमंत्री महिला रोजगार योजना महिलाओं को आत्मनिर्भर बनाने की दिशा में राज्य सरकार की दूरदर्शी पहल है। उन्होंने लाभुकों से प्राप्त राशि का उपयोग स्वरोजगार और छोटे व्यवसाय शुरू करने का आह्वान किया, ताकि परिवार की आय बढ़े और आर्थिक सशक्तिकरण को बल मिले। अतिरिक्त वित्तीय सहायता उपलब्ध कराने का भी प्रावधान साथ ही व्यवसाय की प्रगति और आकलन के आधार पर ₹2 लाख तक की अतिरिक्त वित्तीय सहायता उपलब्ध कराने का भी प्रावधान है। योजना को सामुदायिक सहकारिता आधारित बनाया गया है, जिसके तहत समूह से वंचित परिवारों की महिलाओं को स्वयं सहायता समूहों से जोड़ा जा रहा है। कार्यक्रम में जिला परियोजना प्रबंधक दीपक कुमार यादव, जिला संचार प्रबंधक विवेक महाजन, आजाद कुमार, अमित पाण्डेय, प्रखंड परियोजना प्रबंधक मो. मिर्जा आज़ाद बैग, अशोक कुमार सहित बड़ी संख्या में जीविका दीदियां उपस्थित रहीं। जिला मुख्यालय समेत जिले के सभी 11 प्रखंडों, 42 संकुल स्तरीय संघों और 2148 ग्राम संगठनों में कार्यक्रम का वेबकास्ट किया गया, जिसे लाखों जीविका दीदियों ने देखा और सराहा।
1.54 लाख जीविका दीदियों को मिले 10-10 हजार रुपए:सुपौल में मुख्यमंत्री महिला रोजगार योजना के तहत 154.65 करोड़ ट्रांस्फर
Date:




