बिहार के नवादा जिले में दिनदहाड़े अवैध बालू खनन का मामला सामने आया है। बालू माफिया खुलेआम खनन कर रहे हैं, जिसका एक वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल हो गया है। वायरल वीडियो में माफिया दिन के उजाले में बालू का उठाव करते साफ दिख रहे हैं। स्थानीय लोगों ने यह वीडियो बनाकर सोशल मीडिया पर साझा किया है, जिसके बाद यह घटना जिला प्रशासन की कार्यप्रणाली पर सवाल खड़े कर रही है। इस पूरे मामले में खनन विभाग की भूमिका पर गंभीर सवाल उठ रहे हैं। आरोप है कि विभाग की मिलीभगत से ही बड़े पैमाने पर अवैध बालू का खनन किया जा रहा है। हालांकि, खनन विभाग के अधिकारियों ने इन आरोपों पर अभी तक कोई प्रतिक्रिया नहीं दी है। पुलिस ने दो ट्रैक्टर जब्त कर लिए
वीडियो वायरल होने के बाद नवादा के अधिकारियों ने मामले का संज्ञान लिया। हिसुआ थाना प्रभारी मृत्युंजय कुमार की देखरेख में मुकदमा दर्ज किया गया और छापेमारी की गई। हालांकि, बालू माफिया मौके से फरार हो गए, लेकिन पुलिस ने दो ट्रैक्टर जब्त कर लिए हैं। अन्य माफियाओं की तलाश जारी है। स्थानीय निवासियों का कहना है कि अवैध बालू खनन पर निगरानी रखना खनन विभाग का मुख्य दायित्व है। उनका आरोप है कि नवादा में विभाग इस कार्य में पूरी तरह विफल रहा है। खनन विभाग की कार्यप्रणाली पर पहले भी कई बार सवाल उठते रहे हैं।

