Sunday, May 17, 2026

Top 5 This Week

Related Posts

BJP प्रदेश अध्यक्ष संजय सरावगी वंदे भारत से पहुंचे जमुई:बोले- स्वदेशी अपनाएं, पेट्रोल-डीजल की खपत कम करें


जमुई में भारतीय जनता पार्टी के दीनदयाल उपाध्याय प्रशिक्षण महा अभियान के तहत आयोजित दो दिवसीय प्रशिक्षण कार्यक्रम का रविवार को समापन हुआ। महावीर वाटिका में आयोजित इस कार्यक्रम में भाजपा के प्रदेश अध्यक्ष संजय सरावगी मुख्य अतिथि के रूप में शामिल हुए। उनके आगमन को लेकर कार्यकर्ताओं में खासा उत्साह देखने को मिला। वंदे भारत ट्रेन से पहुंचे जमुई प्रदेश अध्यक्ष संजय सरावगी पटना-हावड़ा वंदे भारत एक्सप्रेस से जमुई रेलवे स्टेशन पहुंचे। स्टेशन पर भाजपा कार्यकर्ताओं ने उनका गर्मजोशी के साथ स्वागत किया। कार्यकर्ताओं ने फूल-मालाओं से उनका अभिनंदन किया। स्टेशन से जिला मुख्यालय तक कई जगहों पर स्वागत कार्यक्रम आयोजित किए गए। इस दौरान जेसीबी मशीनों से फूलों की वर्षा कर उनका स्वागत किया गया। बड़ी संख्या में भाजपा कार्यकर्ता और पदाधिकारी मौजूद रहे। प्रदेश अध्यक्ष के स्वागत को लेकर पूरे शहर में उत्साह का माहौल बना रहा। बोले- ईंधन बचाने के लिए ट्रेन से किया सफर संजय सरावगी ने कहा कि उन्होंने समय और ईंधन की बचत को ध्यान में रखते हुए ट्रेन से यात्रा करने का फैसला लिया है। उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री के आह्वान पर देश को वैश्विक संकट के समय आत्मनिर्भर और स्वदेशी सोच को अपनाने की जरूरत है। उन्होंने कहा कि अंतरराष्ट्रीय हालातों को देखते हुए देशवासियों से अपील की गई है कि आयातित वस्तुओं का कम से कम उपयोग करें और स्वदेशी को बढ़ावा दें। साथ ही पेट्रोल और डीजल की खपत भी कम करें। “स्वदेशी अपनाएं, सोने की खरीदारी भी कम करें” प्रदेश अध्यक्ष ने कहा कि प्रधानमंत्री लगातार 140 करोड़ देशवासियों की चिंता कर रहे हैं। उन्होंने कहा कि वैश्विक संकट के बीच केंद्र सरकार ने लोगों को राहत देने के लिए एक्साइज ड्यूटी भी घटाई है। संजय सरावगी ने कहा, “प्रधानमंत्री ने देशवासियों से अपील की है कि लोग स्वदेशी अपनाएं, अनावश्यक रूप से सोने की खरीदारी कम करें और पेट्रोल-डीजल का सीमित उपयोग करें।” उन्होंने आगे कहा कि भाजपा कार्यकर्ताओं से भी अपील की गई है कि नेताओं के स्वागत में अनावश्यक गाड़ियों का उपयोग कम किया जाए। “मैंने खुद निर्णय लिया है कि जहां संभव होगा, ट्रेन से ही यात्रा करूंगा। इसी सोच के तहत आज मैं जमुई भी ट्रेन से आया हूं।” विपक्ष पर साधा निशाना पेट्रोल-डीजल की खपत कम करने को लेकर विपक्ष द्वारा उठाए जा रहे सवालों पर भाजपा प्रदेश अध्यक्ष ने तीखी प्रतिक्रिया दी। विपक्ष का आरोप है कि प्रधानमंत्री की अपील सिर्फ फोटो और रील बनाने तक सीमित है। इस पर संजय सरावगी ने कहा कि विपक्ष का काम केवल बयानबाजी करना है। उन्होंने कहा, “चाहे राहुल गांधी हों या तेजस्वी यादव, हम लोग इन्हें गंभीरता से नहीं लेते। इन लोगों को देशहित से कोई मतलब नहीं है।” उन्होंने आरोप लगाया कि विपक्षी नेता देश और बिहार से बाहर जाकर अनर्गल बयानबाजी करते हैं। “प्रधानमंत्री जो भी अपील करते हैं, वह देशहित में होती है, लेकिन विपक्ष को इससे कोई मतलब नहीं है।” नीतीश कुमार पर भी दिया बयान मुख्यमंत्री नीतीश कुमार और उत्तराधिकारी को लेकर पूछे गए सवाल पर भी भाजपा प्रदेश अध्यक्ष ने प्रतिक्रिया दी। उन्होंने कहा कि नीतीश कुमार ने पिछले 20 वर्षों में बिहार की सेवा की है और राज्य में सुशासन स्थापित किया है। हालांकि उन्होंने यह भी स्पष्ट किया कि भाजपा में किस कार्यकर्ता को कौन-सी जिम्मेदारी देनी है, इसका फैसला पार्टी नेतृत्व ही करता है। उन्होंने कहा, “आज मैं प्रदेश अध्यक्ष हूं, यह भी भारतीय जनता पार्टी का निर्णय है।” कार्यक्रम में मंत्री श्रेयसी सिंह भी रहीं मौजूद प्रशिक्षण कार्यक्रम में बिहार सरकार की मंत्री श्रेयसी सिंह सहित बड़ी संख्या में भाजपा कार्यकर्ता और पदाधिकारी मौजूद रहे। कार्यक्रम के दौरान संगठन विस्तार, पार्टी की नीतियों और कार्यकर्ताओं की भूमिका को लेकर भी चर्चा की गई। प्रदेश अध्यक्ष के आगमन से कार्यकर्ताओं में खासा उत्साह देखने को मिला और पूरे कार्यक्रम के दौरान भाजपा समर्थकों की भारी भीड़ जुटी रही।

Spread the love

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here

Popular Articles