Wednesday, May 20, 2026

Top 5 This Week

Related Posts

चतरा में आम लदा पिकअप पलटा, वाहन चालक बचा:राहगीर मदद करने के बजाए उठाने लगे आम, ओडिशा से बिहार जा रहा था पिकअप


चतरा जिले की संघरी घाटी में बुधवार को आम से लदा एक पिकअप वाहन अनियंत्रित होकर पलट गया। इस हादसे में वाहन चालक बाल-बाल बच गया, लेकिन मौके पर मौजूद राहगीरों और स्थानीय लोगों ने घायल चालक की मदद करने के बजाय आम लूटना शुरू कर दिया। यह घटना डोभी-चतरा मुख्य मार्ग पर हुई। यह पिकअप वैन ओडिशा से भारी मात्रा में आम लेकर बिहार के गया जिले के बोधगया दुमोहान जा रही थी। वाहन के पलटने के बाद सड़क पर आम बिखर गए। दुर्घटना के तुरंत बाद, जब चालक मदद के लिए गुहार लगा रहा था, तब भी लोग उसकी सहायता करने के बजाय गिरे हुए आमों को इकट्ठा करने में व्यस्त रहे। इस घटना ने मानवीय संवेदनशीलता पर सवाल खड़े कर दिए हैं। जैसे ही यह वाहन चतरा के खतरनाक और तीखे मोड़ों वाली संघरी घाटी के पास पहुंचा, सामने से आ रहे एक ट्रैक्टर ने अचानक गलत तरीके से कट मार दिया। घाटी की तेज ढलान और तीखे मोड़ के कारण पिकअप का चालक अपना नियंत्रण खो बैठा और गाड़ी बीच सड़क पर ही पलट गई। इस हादसे में पिकअप बुरी तरह क्षतिग्रस्त हो गई और उसमें लदे सारे आम सड़क पर बिखर गए। हादसे में चालक को मामूली चोटें आईं और वह किसी तरह गाड़ी से बाहर निकला। हादसे के बाद वहां से गुजरने वाले बाइक सवार और राहगीर तमाशबीन बन गए और मौका देखते ही आम लूटने पर उतारू हो गए। लोग अपनी गाड़ियों को रोक-रोककर, बाइक की डिक्कियों और झोलों में आम भर-भरकर अपने घर ले जाने लगे। घटना की जानकारी मिलते ही चतरा सदर थाना की पुलिस टीम तुरंत मौके पर पहुंची। पुलिस ने मौके पर पहुंचकर स्थिति को संभाला और क्रेन की मदद से दुर्घटनाग्रस्त पिकअप वैन को सड़क से हटाकर किनारे करवाया।

Spread the love

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here

Popular Articles